खतौली( बीरेंद्र कुमार): उत्तर प्रदेश की खतौली विधानसभा सीट के उपचुनाव में समाजवादी पार्टी गठबंधन के सहयोगी राष्ट्रीय लोकदल के प्रत्याशी मदन भैया ने अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी भारतीय जनता पार्टी की राजकुमारी सैनी को 22143 मतों से हराकर भाजपा से यह सीट छीन ली। मदन भैया को 97 हजार 139 मत मिले, जबकि राजकुमारी को 74 हजार 996 वोट हासिल हुए।
क्यों कराना पड़ा खतौली में उपचुनाव ?
खतौली विधानसभा के लिए उपचुनाव बीजेपी के पूर्व विधायक विक्रम सिंह सैनी की मुजफ्फरनगर दंगों में सजायाफ्ता होने के बाद उनकी सदस्य्ता रद्द होने की वजह से हुआ। बीजेपी ने इस सीट से विक्रम सिंह सैनी की पत्नी राजकुमारी सैनी को मैदान में उतारा था जबकि, उनके मुकाबले सपा गठबंधन की तरफ से रालोद के मदन भैया को प्रत्याशी बनाया गया था।
बेहद अहम हैं खतौली सीट के नतीजे
2024 के लोकसभा चुनाव से पहले खतौली के नतीजे आरएलडी के मुखिया जयंत चौधरी के लिए बेहद अहम हैं। पश्चिम में दबदबा कायम रखने के लिए यह सीट जीतना उनके लिए साख का सवाल है। वहीं निकाय चुनाव से पहले बीजेपी किसी भी कीमत पर यह सीट नहीं हारना चाहती थी। लेकिन चुनाव परिणाम में बीजेपी के अरमान को बड़ा झटका लगा है।

