Money Saving Tips: आज के दौर में महंगाई लगातार बढ़ रही है, ऐसे में सीमित आय में महीने का खर्च चलाना और बचत करना कई लोगों के लिए चुनौती बन गया है। खासकर वे लोग जो नौकरी के लिए अपने घर से दूर रहते हैं और किराया, भोजन, यात्रा समेत सभी खर्च खुद उठाते हैं। लेकिन अगर सही वित्तीय योजना बनाई जाए और अनावश्यक खर्चों पर नियंत्रण रखा जाए, तो 20 हजार रुपये की मासिक सैलरी में भी हर महीने करीब 5 हजार रुपये की बचत करना संभव है।
1. सैलरी मिलते ही पहले करें बचत
अधिकांश लोग पहले खर्च करते हैं और जो पैसा बचता है उसे सेव करने की कोशिश करते हैं। यह तरीका अक्सर सफल नहीं होता। बेहतर होगा कि सैलरी आते ही तय राशि, जैसे 5 हजार रुपये, अलग बैंक खाते में ट्रांसफर कर दें। इस खाते को UPI या रोजमर्रा के भुगतान से अलग रखें, ताकि बचत का पैसा आसानी से खर्च न हो।
2. ऑनलाइन शॉपिंग पर रखें लगाम
ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर मिलने वाले ऑफर्स और भारी छूट कई बार जरूरत से ज्यादा खरीदारी करा देते हैं। इसलिए खरीदारी करने से पहले अपनी जरूरत का आकलन करें और केवल आवश्यक सामान ही खरीदें। बिना योजना के शॉपिंग करने से बचेंगे तो अच्छी बचत होगी।
3. छोटे खर्चों को भी गंभीरता से लें
रोज की चाय, स्नैक्स, कैब, कॉफी या फूड डिलीवरी जैसे छोटे-छोटे खर्च महीने के अंत तक बड़ी रकम में बदल जाते हैं। हर खर्च का रिकॉर्ड रखें और जहां संभव हो, ऐसे खर्चों में कटौती करें।
4. कैश में खर्च करने की आदत बनाएं
डिजिटल पेमेंट से पैसे खर्च करना आसान हो गया है, लेकिन इसी वजह से कई बार खर्च का अंदाजा नहीं लग पाता। जरूरी खर्चों के लिए पहले से तय राशि नकद निकाल लें। इससे खर्च करने से पहले सोचने की आदत विकसित होगी।
5. किराया और जरूरी बिलों का पहले से रखें बजट
अगर आप किराए के मकान या पीजी में रहते हैं, तो अपनी आय के हिसाब से रहने का विकल्प चुनें। महीने की शुरुआत में ही किराया, बिजली, यात्रा और अन्य जरूरी बिलों के लिए अलग बजट तय कर लें। इससे बीच महीने में पैसों की कमी नहीं होगी।
6. बाहर खाने के बजाय घर का खाना खाएं
रेस्टोरेंट या फूड डिलीवरी पर बार-बार खर्च करना आपकी जेब पर भारी पड़ सकता है। यदि संभव हो तो घर पर खाना बनाएं या टिफिन सेवा का उपयोग करें। इससे हर महीने खाने पर होने वाला खर्च काफी कम किया जा सकता है।
7. हर महीने बनाएं बजट और करें समीक्षा
अपने सभी खर्चों को डायरी या मोबाइल ऐप में नोट करें। महीने के अंत में देखें कि सबसे ज्यादा पैसा कहां खर्च हुआ। इससे अगली बार बेहतर बजट बनाना आसान होगा और बचत की संभावना भी बढ़ेगी।
8. इमरजेंसी फंड तैयार करना न भूलें
हर महीने की बचत को सिर्फ बैंक खाते में रखने के बजाय धीरे-धीरे एक इमरजेंसी फंड तैयार करें। नौकरी छूटने, बीमारी या किसी अन्य अचानक आने वाली आर्थिक जरूरत के समय यही फंड सबसे बड़ा सहारा साबित हो सकता है।

