क्या आप भी कूलर की हवा सीधी अपनी ओर रखते हैं, अगर हां तो समझ लें कि आप अपने कूलर की ठंडक को बर्बाद कर रहे हैं। दरअसल ऐसा करने से आपको पलभर के लिए आराम मिल सकता है, लेकिन इससे आपका कमरा ठंडा नहीं होगा। वहीं अगर कूलर का एयरफ्लो सही दिशा में कर दिया जाए, तो कमरा क्या आपका पूरा घर ठंडा हो सकता है।
दरअसल AC और कूलर के काम करने की टेक्नोलॉजी में बड़ा फर्क होता है। AC जहां कूलिंग गैस और कंप्रेसर की मदद से कमरे की हवा को रिसाइकिल करते हुए ठंजा करता है, वहीं कूलर बाहर की ताजा हवा को कमरे में ठंडा बनाकर छोड़ता है। ऐसे में AC की हवा किसी भी दिशा में रहे, कमरा तेजी से और आसानी से ठंडा हो जाता है। वहीं कूलर की हवा का सही दिशा में रहना जरूरी होता है, ताकि ठंडक पूरे कमरे या घर में फैले।
कूलर की हवा की दिशा बदलकर असर दिखने में कुछ घंटे लग सकते हैं लेकिन धीरे-धीरे ही सही कूलर की हवा सही तरह से फैले तो AC वाली ठंडक मिल सकती है।
कूलर की हवा को आपको किसी शख्स की ओर नहीं बल्कि छत की ओर रखना चाहिए। इसकी बड़ी वजह है कि ठंडी हवा भारी होती है और वह ऊपर से नीचे की ओर गिरकर तेजी से कमरे को ठंडा कर सकती है। अगर कूलर के साथ पंखे का इस्तेमाल भी हो रहा है, तो छत की ओर की गई हवा पंखे की मदद से और बेहतर तरीके से पूरे कमरे और फिर घर मे फैलती है।
इस प्रक्रिया में कमरे को ठंडा होने में थोड़ा समय जरूर लग सकता है लेकिन इस तरह से ठंडा हुआ कमरा ज्यादा समय तक ठंडा रहता है और इससे राहत किसी एक को नहीं बल्कि घर में मौजूद सभी लोगों को मिल पाती है।
अगर आप कूलर की ठंडक को एक कमरे तक नहीं बल्कि पूरे फ्लोर पर फैलाना चाहते हैं, तो क्रांस वेंटिलेशन का ध्यान रखना चाहिए। इसके लिए सबसे अच्छा रहता है कि कूलर को खिड़की पर लगाया जाए, ताकि वे बाहर से अच्छे से हवा को ठंडा करके घर में छोड़े।
खासतौर पर कूलर के एयरफ्लो को ऐसी दिशा में रखा जाना चाहिए कि वह घर में ज्यादा से ज्यादा दूरी तय कर सके। ऐसे में क्रॉस वेंटिलेशन काफी काम आ सकती है। कूलर के ठीक सामने वाली दिशा में एक खिड़की या दरवाजा खुला रहे, तो कमरे की उमस बाहर निकलती रहती है और सिर्फ ठंडी हवा ही कमरे में टिकती है।
कूलर की हवा की दिशा को सही करने के अलावा कूलर से पूरा घर ठंडा करने में एग्जॉस्ट काफी मददगार साबित होता है।अगर कमरे में एक छोटा एक्जॉस्ट फैन लगा हो, तो कमरे में हवा का फ्लो बहुत ज्यादा बढ़ जाता है।इससे कूलर जब ताजी हवा अंदर फेंकता है, तो पुरानी और गर्म हवा को बाहर निकलने के लिए रास्ता मिल जाता है।
अगर आप कूलर के एयरफ्लो के साथ-साथ कमरे के ऊपरी हिस्से में लगे एक्जॉस्ट फैन इस्तेमाल करें तो वह गर्म हवा और नमी को तुरंत बाहर खींच लेता है। इससे कूलर की ठंडी हवा को कमरे में फैलने के लिए और ज्यादा जगह मिलती है। इस ट्रिक को आप कूलर की शक्ति बढ़ाने के लिए इस्तेमाल कर सकते हैं।

