विकास कुमार
केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने महाराष्ट्र में अगले मंत्रिमंडल विस्तार में अपनी पार्टी के लिए मंत्री पद की मांग की है। अठावले ने अपने कार्यकर्ताओं को बताया कि उपयुक्त मंच पर वह मंत्री पद के लिए अपनी मांग पहले ही रख चुके हैं। रामदास अठावले ने कहा कि मैं यह सुनिश्चित करने की कोशिश करूंगा कि आरपीआई (ए) को अगले साल महाराष्ट्र में कम से कम दो से तीन लोकसभा सीटों और 10 से 15 विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव लड़ने के लिए टिकट मिले। हम नगर निकायों और जिला परिषदों के चुनाव बीजेपी और शिंदे के साथ मिलकर लड़ेंगे।
वसई विरार नगर निगम चुनाव के मद्देनजर बीते दिनों वसई में आरपीआई अठावले समूह की बैठक हुई है। इस बैठक में केंद्रीय सामाजिक न्याय राज्य मंत्री रामदास आठवले भी मौजूद रहे। अठावले ने विश्वास जताया है कि वसई विरार नगरपालिका चुनाव में बीजेपी की मदद से वे उम्मीदवार उतारेंगे।
महाराष्ट्र में आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए एक तरफ जहां महाविकास अघाड़ी के नेता एक्शन में हैं,तो वहीं दूसरी तरफ बीजेपी और शिंदे गुट ने भी मोर्चाबंदी शुरू कर दी है। अठावले पहले से ही एनडीए के सहयोगी हैं। आगे भी वे इस गठबंधन के साथ मिलकर चुनाव लड़ने की ख्वाहिश जता रहे हैं। हालांकि उनके बयान पर अभी तक बीजेपी और शिंदे गुट की प्रतिक्रिया नहीं आई है।

