विकास कुमार
बीजेपी सांसद रमेश बिधूड़ी ने लोकसभा में दानिश अली के खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया था। बिधूड़ी ने भरी संसद में दानिश अली को बहुत गंदे तरीके से अपमानित किया था,हर संवेदनशील भारतीय बिधूड़ी के बयान का विरोध कर रहा है। वहीं अब दानिश अली को पूरे देश का समर्थन मिल रहा है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी सांसद दानिश अली से मुलाकात कर एकजुटता प्रकट की है। दानिश अली के घर जाकर राहुल गांधी ने उनसे मुलाकात की है। राहुल ने दानिश अली को गले लगाया,उन्होंने सोशल मीडिया पर दानिश अली के साथ एक फोटो भी शेयर की है। राहुल के साथ कांग्रेस के सीनियर नेता केसी वेणुगोपाल भी थे। राहुल ने सोशल मीडिया पर पोस्ट को शेयर करते हुए लिखा कि, “नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान।”। वहीं राहुल गांधी से मुलाकात के बाद सांसद दानिश अली ने भी अपने ख्याल का इजहार किया।
उन्होंने कहा किlवह मेरा मनोबल ऊंचा रखने और अपना समर्थन देने के लिए यहां आए,उन्होंने कहा कि मैं अकेला नहीं हूं और जो भी लोग लोकतंत्र के साथ खड़े हैं, वे मेरे साथ खड़े हैं।
लोकसभा में बीएसपी सांसद कुंवर दानिश अली पर अभद्र टिप्पणी करने के बाद से बीजेपी सांसद रमेश बिधूड़ी की हर कोई निंदा कर रहा है। बीजेपी ने रमेश बिधूड़ी को कारण बताओ नोटिस जारी कर 15 दिन के अंदर जवाब मांग है। वहीं, दानिश अली ने रमेश बिधूड़ी के खिलाफ कार्रवाई के लिए लोकसभा स्पीकर ओम बिरला को चिट्ठी भी लिखी है। देखा जाए तो रमेश बिधूड़ी ने लोकतंत्र के मंदिर में एक अल्पसंख्यक सांसद को अपमानित किया। साथ ही उनकी अभद्र भाषा से देश भर के अल्पसंख्यक समाज की भावनाओं को ठेस पहुंचा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सबका साथ, सबका विश्वास का नारा देते हैं,लेकिन उनकी पार्टी के सांसद भरे लोकसभा में एक मुस्लिम सांसद को अपमानित करते हैं। इसके बावजूद पीएम नरेंद्र मोदी की चुप्पी पर सवाल खड़े हो रहे हैं। भारत की परंपरा वसुधैव कुटुंबकम की है,ऐसे में अल्पसंख्यक समाज को अपमानित करने की घटना को बर्दाश्त नहीं किया जा सकता है।

