19 अप्रैल को 21 राज्यों में हुए प्रथम चरण के चुनाव में बिहार में सबसे कम 48.50 प्रतिशत मतदान हुआ।बिहार में मतदान का प्रतिशत इस कदर कम होना सभी राजनीतिक दलों के लिए चिंता की बात। है।ऐसे में हर राजनीतिक दल के वरिष्ठ नेतागण अगले चरण के चुनाव में इसकी भरपाई करने में जुट गए है।इसके तहत अब ये ज्यादा से ज्यादा सभाएं कर लोगों को अपने दलों की खूबियां और विपक्षी राजनीतिक दलों की खामियां बताकर ज्यादा से ज्यादा लोगों को अपनी पार्टी के पक्ष में करने का प्रयास कर रहे हैं। इसी क्रम में राहुल गांधी ने बिहार में अपनी चुनावी जनसभा की शुरुआत भागलपुर से की है।शनिवार को भागलपुर के सैंडिस कंपाउंड मैदान में उन्होंने भागलपुर के कांग्रेस प्रत्याशी अजीत शर्मा के समर्थन में आयोजित जनसभा को संबोधित किया। राहुल गांधी ने इस रैली के जरिए सत्ता पक्ष पर जमकर निशाना साधा। उनके साथ इस रैली में पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव, वीआइपी पार्टी के नेता मुकेश सहनी समेत महागठबंधन के कई अन्य प्रमुख नेतागण भी शामिल हुए।
संविधान बचाने का चुनाव
भागलपुर के सैंडिस कंपाउंड में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि यह चुनाव संविधान को बचाने का चुनाव है।उन्होंने आरएसएस और बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि ये लोग देश की संविधान को खत्म करने की कोशिश कर रहे हैं।
एनडीए को बताया अमीरों का पोषक
राहुल गांधी ने अपने भाषण में कहा कि आज हिंदुस्तान में 22 ऐसे लोग हैं जिनके पास उतना ही धन है,जितना हिंदुस्तान के 70 करोड़ लोगों के पास है।नरेंद्र मोदी के हिंदुस्तान में 70 करोड़ लोग ऐसे हैं जिनकी आमदनी 100 रुपए से कम हैं। अंबानी और अडानी का नाम लेकर राहुल गांधी ने पीएम मोदी को खूब लथाड़ा। भागलपुर के सैंडिश कंपाउंड में राहुल गांधी ने एक बार फिर दुहराया कि लोकसभा चुनाव 2024 में बीजेपी को 150 सीटों से ज्यादा नहीं मिलने वाला है,भले ही बीजेपी के लोग जो भी दावा करना है कर लें।
कांग्रेस तथा इंडिया गठबंधन को बताया गरीबों का रहनुमा
भागलपुर के सैंडिश कंपाउंड में अपने भाषण में राहुल गांधी ने इंडिया गठबंधन के क्रियाकलापों को लेकर कहा कि नरेंद्र मोदी ने 22-25 लोगों का 16 लाख करोड़ रुपया माफ किया।मतलब जितना हमने किसानों का माफ किया था, उसका 25 गुना उन्होंने 4-5 अमीर उद्योगपतियों का माफ किया है।अब हमारे गठबंधन ने यह निर्णय लिया है कि जितना पैसा अमीर उद्योगपतियों का नरेंद्र मोदी ने माफ किया है,उतना पैसा हम गरीबों का माफ करेंगे। हम सत्ता में आएंगे तो हिंदुस्तान के गरीब परिवारों का लिस्ट निकालेंगे।महालक्ष्मी योजना का जिक्र करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि हमारी सरकार आएगी तो हर परिवार से एक महिला चुनी जाएगी और साल का एक लाख तथा महीना का 8500 रुपए उसके बैंक खाते में कांग्रेस पार्टी डालेगी।
रोजगार के मुद्दा पर कांग्रेस सरकार के वायदे बताए
नरेंद्र मोदी को टारगेट करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि उन्होंने हिंदुस्तान को बेरोजगारी का सेंटर बना दिया है। इंस्टाग्राम-फेसबुक पर घंटों बैठे रहते हैं। पहली नौकरी पक्की का जिक्र करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि हम अपरेंटिस का अधिकार देने जा रहे हैं।हिंदुस्तान के हर युवा को पहली नौकरी का अधिकार हमारी अगली सरकार देने जा रही है।ग्रेजुएट- डिप्लोमा होल्डर को पहली नौकरी का अधिकार दिया जाएगा।ये अपरेंटिस पर रखे जाएंगे। अगर वो पहले साल अच्छा काम करेंगे तो उन्हें परमानेंट कर दिया जाएगा। करोड़ों युवाओं को ट्रेनिंग मिलेगी।साल का एक लाख रुपया उनके खाते में सरकार डालेगी। वहीं किसानों के कर्ज माफी का वादा भी राहुल गांधी ने किया
अग्निवीर योजना और जीएसटी को खत्म करेगी कांग्रेस सरकार
भागलपुर में जनसभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने सेना के खिलाफ एक योजना अग्निवीर लाया है,जिसकी कोई जरूरत ही नहीं है। हमें दो तरह के शहीद नहीं चाहिए। हमारी सरकार आएगी तो इस योजना को बाहर फेंक देंगे। इन्होंने पांच तरह की जीएसटी बना दी है।हमारी सरकार आएगी तो जीएसटी को बदल देंगे।देश में एक टैक्स होगा और वह कम से कम होगा। राहुल गांधी ने कहा कि हमारी सरकार आशा-आंगनबाड़ी की आमदनी दोगुना करेगी।मनरेगा की न्यूनतम मजदूरी 400 रुपए होगी।राहुल गांधी ने की अपने भाषण में मतदाताओं से महागठबंधन के 5 उम्मीदवारों अजीत शर्मा, तारिक अनवर, बीमा भारती, जयप्रकाश यादव और मोहम्मद जावेद के समर्थन में वोट देने की अपील की।

