राहुल गांधी को मोदी फोबिया’, फोन टैपिंग के आरोपों पर बोले डिप्टी CM एकनाथ शिंदे

0
5

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोलते हुए उन्हें ‘मोदी फोबिया’ से ग्रस्त बताया है।एकनाथ शिंदे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि राहुल गांधी को जागते-सोते, उठते-बैठते सिर्फ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ही दिखाई देते हैं। जब तक वे प्रधानमंत्री का नाम नहीं लेते, तब तक न उनकी खबर बनती है और न ही वे मीडिया की सुर्खियों में रह पाते हैं।

डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने राहुल गांधी के फोन टैपिंग से जुड़े आरोपों पर निशाना साधते हुए कहा कि अपनी डूबती राजनीतिक नैया बचाने और चर्चा में बने रहने के लिए वे बेबुनियाद, मनगढ़ंत और बचकाने आरोपों का सहारा ले रहे हैं। उनके पास न कोई ठोस मुद्दा है, न विकास का विजन और न ही अपने आरोपों को साबित करने के लिए कोई सबूत।
उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी सिर्फ सबूत होने का दावा करते हैं, लेकिन उन्हें सामने नहीं लाते। रोज नए आरोप लगाना और नए नैरेटिव गढ़ना ही उनका काम रह गया है।
उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि एक तरफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है, वहीं दूसरी तरफ विपक्ष के नेता अपने बयानों से खुद ही अपनी किरकिरी करवा रहे हैं।राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए शिंदे ने कहा कि उन पर ‘खिसियानी बिल्ली खंभा नोचे’ वाली कहावत बिल्कुल सटीक बैठती है।

बता दें कि कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर फोन टैप कराने का आरोप लगाया है, इसके बाद से सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। वहीं राहुल गांधी के आरोप पर बीजेपी नेता और केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा ने कहा कि राहुल गांधी पहले भी ऐसे आरोप लगाते रहे हैं, लेकिन उनके पास कोई सबूत नहीं है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here