Rahul Gandhi Big Statement: पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की हत्या को लेकर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने एक बार फिर गंभीर सवाल उठाए हैं। अपनी मां सोनिया गांधी और बहन प्रियंका गांधी के साथ एक बातचीत के दौरान उन्होंने दावा किया कि उनके पिता की सुरक्षा जानबूझकर हटाई गई थी, ताकि उनकी हत्या की जा सके। इस चर्चा में राहुल ने बिहार दौरे के दौरान राजीव गांधी पर हुए हमले और उससे पहले परिवार में हुई बातचीत का भी जिक्र किया।
राहुल गांधी के मुताबिक, बिहार में अपने पिता के साथ हुए एक दौरे के दौरान उन्होंने देखा था कि विरोध प्रदर्शन कर रहे लोग राजीव गांधी पर पत्थर फेंक रहे थे। उस समय राहुल को उनकी सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता हुई थी। उन्होंने बताया कि घर लौटने के बाद अपनी मां सोनिया गांधी से कहा था कि अगर पिता की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम नहीं उठाए गए, तो उन्हें जल्द ही उनके अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए विदेश से भारत लौटना पड़ सकता है। मई 1991 में राजीव गांधी की हत्या के बाद ऐसा ही हुआ।
बिहार दौरे में राजीव गांधी पर हुआ था पथराव
सोनिया गांधी ने भी उस यात्रा को बेहद डरावना बताते हुए याद किया। उनके अनुसार, उस समय राजीव गांधी विपक्ष के नेता थे और एक खुली जीप में यात्रा कर रहे थे। इसी दौरान उन पर पत्थर फेंके गए और उनके खिलाफ नारेबाजी हुई। सोनिया ने कहा कि विपक्षी नेताओं की सुरक्षा को लेकर राज्य सरकारों की गंभीरता पर अक्सर सवाल खड़े होते हैं।
राहुल ने इस घटना को अपनी बर्दाश्त की सीमा से बाहर बताया। उन्होंने दावा किया कि पिता की सुरक्षा में कटौती महज संयोग नहीं थी, बल्कि इसके पीछे जानबूझकर की गई कार्रवाई थी। उन्होंने यह भी बताया कि इस मुद्दे पर उनकी अपने पिता से बहस हुई थी।
21 मई 1991 को हुई थी राजीव गांधी की हत्या
राजीव गांधी 21 मई 1991 को तमिलनाडु के श्रीपेरंबदूर में एक चुनावी कार्यक्रम में पहुंचे थे। वहां एक महिला ने माला पहनाने के लिए उनके सामने झुकते समय विस्फोट कर दिया। इस हमले में राजीव गांधी की जान चली गई। उस वक्त उनकी उम्र 46 साल थी।
इससे पहले 1984 में उनकी मां और तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की उनके ही दो सिख अंगरक्षकों ने हत्या कर दी थी। इस घटना के बाद राजीव गांधी की सुरक्षा को लेकर सोनिया गांधी बेहद सतर्क रहती थीं।
प्रियंका ने बताया मां की चिंता का किस्सा
बातचीत में प्रियंका गांधी ने बताया कि इंदिरा गांधी की हत्या के बाद उनकी मां सोनिया गांधी हमेशा राजीव गांधी की सुरक्षा को लेकर परेशान रहती थीं। वह घर की सुरक्षा व्यवस्था और तैनात गार्डों की सतर्कता तक जांचती थीं। प्रियंका के मुताबिक, सोनिया गांधी कई बार राजीव के घर लौटने की आहट सुनने तक सो नहीं पाती थीं।
प्रियंका ने कहा कि पिता की मौत को लेकर राहुल की प्रतिक्रिया उनके अपने नजरिए से ज्यादा तार्किक थी, जबकि उनका खुद का अनुभव भावनात्मक रूप से जुड़ा हुआ था।

