हाल ही में एक अखबार को दिए इंटरव्यू में गृह मंत्री अमित शाह ने नीतीश कुमार की पार्टी जेडीयू के एनडीए में वापसी के सवाल पर कहा था कि अगर जेडीयू की तरफ से कोई प्रस्ताव आया तो विचार करेंगे। अमित शाह के इस बयान के बाद से बिहार में सियासी पारा काफी गर्म हो गया है। राष्ट्रीय जनता दल और जनता दल गठबंधन के टूटने तक की चर्चा तेज हो गई है।
सभी राजनीतिक दलों के बीच की हलचल तेज
इस समय बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता विजय कुमार सिंह के आवास पर भारतीय जनता पार्टी के विधायकों की बैठक चल रही है, तो वहीं नीतीश कुमार ने भी जेडीयू के सभी विधायकों और सांसदों से अगले आदेश तक पटना में ही मौजूद रहने के लिए कहा है।बिहार में बीजेपी की गठबंधन सहयोगी हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा प्रमुख जीतन राम मांझी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर अपने सभी विधायकों से 25 जनवरी तक पटना में ही रहने के लिए कहा है।
वहीं पटना में हो रही इस सियासी हलचल के बीच शुक्रवार को आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद अपने पुत्र और बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के साथ नीतीश कुमार से मिलने मुख्यमंत्री आवास पहुंचे। हालांकि तेजस्वी यादव ने गठबंधन के भीतर सब कुछ ठीक-ठाक रहने की बात करते हुए इसे एक सामान्य मुलाकात बताते हुए कहा कि हम सभी नीतीश कुमार के नेतृत्व में काम कर रहे हैं। नीतीश कुमार और लालू प्रसाद को एक बताते हुए उन्होंने कहा कि हम तो मिलते ही रहते हैं, बिहार से भाजपा ही इस बार साफ हो जाएगी। लेकिन सियासी हलकों में इस मीटिंग को आरजेडी की ओर से नीतीश कुमार के साथ तल्खी कम करने के लिए उठाए गए कदम के रूप में देखा जा रहा है।
नीतीश सरकार के मंत्री अशोक चौधरी पहुंचे राजभवन
पटना में इस समय बढ़े सियासी तापमान के बीच नीतीश कुमार सरकार के मंत्री अशोक चौधरी ने राजभवन पहुंचकर राज्यपाल से मुलाकात की है। हालांकि सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार अशोक चौधरी भवन निर्माण विभाग की तरफ से राजभवन में कराए जा रहे निर्माण कार्य का जायजा लेने के लिए वहां पहुंचे थे
बीजेपी नेता का लालू – तेजस्वी के नीतीश कुमार से मुलाकात पर तंज
बीजेपी के एमएलसी दिलीप जायसवाल ने नीतीश- लालू को मुलाकात पर तंज करते हुए कहा कि लालू प्रसाद और नीतीश कुमार दोनों को ही एक दूसरे पर विश्वास नहीं है और इसलिए ये लोग एक दूसरे से मिलते रहते हैं। उन्होंने कहा कि ये एक दूसरे से ही चिंतित रहते हैं। आगे- आगे देखिए होता है क्या !बीजेपी एमएलसी ने साथ ही अपनी बातचीत में यह भी जोड़ा की राजनीति में किसी संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता है ।वहीं बिहार बीजेपी के वरिष्ठ नेता प्रेम कुमार ने नीतीश कुमार की पार्टी के एनडीए में लौटने को लेकर पूछे गए सवाल पर कहा कि अगर बीजेपी का शीर्ष नेतृत्व हां कर देता है, तो इसमें कोई दिक्कत नहीं होगी। हम शीर्ष नेतृत्व का फैसला स्वीकार करेंगे।
क्या बिहार में 25 जनवरी से पहले होगा सियासी उलटफेर का खेल
बीजेपी विधायकों की बैठक, जेडीयू सांसदों और विधायकों को नीतीश का आदेश और अब मांझी का अपने विधायकों को निर्देश देने जैसी पटना में आज के सियासी घटनाक्रम को देखते हुए सवाल यह भी उठ रहा है कि क्या 22 जनवरी को रामलला की प्राण- प्रतिष्ठा का आयोजन से लेकर 25 जनवरी के बीच बिहार में कोई बड़ा सियासी खेल हो जाएगा? नीतीश कुमार की एनडीए में वापसी की अटकलें को लेकर अब लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान के बयान ने भी हवा दे दी है। नीतीश कुमार के खिलाफ मोर्चा खोले रखने वाले चिराग ने भी जेडीयू के एनडीए करने की संभावना जाता दी है। गौरतलब है कि हाल ही में एक समाचार पत्र को दिए साक्षात्कार में अमित शाह ने जेडीयू की एनडीए में वापसी को लेकर एक सवाल के जवाब में कहा था कि अगर प्रस्ताव आया तो विचार करेंगे।हालांकि नीतीश कुमार और बीजेपी के अन्य बड़े नेता अब तक यही कहते रहे हैं कि नीतीश कुमार के लिए अब एनडीए का दरवाजा हमेशा हमेशा के लिए बंद हो गया है ।

