तेलंगाना में मतदान : प्रियंका ने कहा हम तेलंगाना आएंगे और हर गारंटी को पूरा करेंगे 

0
140


न्यूज़ डेस्क 
तेलंगाना विधानसभा चुनाव के लिए 30 नवंबर को मतदान से एक दिन पहले कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने बुधवार को महिला शक्ति की सराहना करते हुए कहा कि उनकी पार्टी राज्य के लोगों को दी गई सभी गारंटी को पूरा करेगी। एक्स पर एक पोस्ट में उन्होंने कहा, ”महिलाएं जब कोई संकल्प लेती हैं तो उसे पूरा करके ही दम लेती हैं। हम तेलंगाना आएंगे और हर गारंटी पूरी करेंगे। हम सच्चाई, ईमानदारी और नेकी के रास्ते पर चलकर इतिहास रचेंगे।”
               प्रियंका गांधी ने 38 सेकंड से अधिक लंबा वीडियो भी संलग्न किया, जिसमें वह कहती सुनाई दे रही हैं, “जब मैं अपनी मां सोनिया गांधी से बात कर रही थी, और उन्होंने मुझसे पूछा कि मैं तेलंगाना में अपनी सार्वजनिक बैठकों में क्या बोलती हूं और मैंने जवाब दिया कि मैं सच बोलती हूं।”
            वीडियो में प्रियंका गांधी ने कहा कि एक मां के तौर पर सोनिया गांधी ने उनसे कहा कि लोगों से किए गए वादों का सम्मान किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा, ”मैंने उनसे कहा कि पार्टी के सभी नेताओं ने राज्य में लोगों से की गई गारंटी को पूरा करने का संकल्प लिया है।”
                   गौरतलब है कि 119 सदस्यीय तेलंगाना विधानसभा के लिए 30 नवंबर को मतदान होना है और कांग्रेस की नजर सत्तारूढ़ बीआरएस से सत्ता छीनने पर है। कांग्रेस पहले ही राज्य की जनता के लिए छह गारंटी की घोषणा कर चुकी है। इस बीच, सत्तारूढ़ बीआरएस राज्य में लगातार तीसरी जीत की कोशिश कर रही है।दक्षिणी राज्य में कम से कम 2,290 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। वोटों की गिनती 3 दिसंबर को राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और मिजोरम के साथ होगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here