संसद के मॉनसून सत्र के पहले ही दिन नीट पेपर लीक विवाद को लेकर सियासी पारा चढ़ गया। कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने संसद परिसर के बाहर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार शिक्षा से जुड़े गंभीर मुद्दों पर चर्चा से बच रही है, जबकि अपने अधिकारों की मांग कर रहे छात्रों पर बल प्रयोग किया जा रहा है। उन्होंने कहा, ‘वे हमारे बच्चे हैं। उन पर आंसू गैस और लाठी क्यों चलाई जा रही है?’
प्रियंका गांधी ने कहा कि विपक्ष लगातार शिक्षा नीति और NEET-UG पेपर लीक जैसे गंभीर मुद्दों पर संसद में चर्चा की मांग कर रहा है, लेकिन सरकार बहस कराने के बजाय विरोध कर रहे छात्रों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा व्यवस्था से जुड़े सवालों का जवाब देने के बजाय छात्रों की आवाज दबाने की कोशिश की जा रही है।
NEET-UG 2026 पेपर लीक और अयोध्या श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट में कथित चंदा गड़बड़ी के मुद्दे पर लोकसभा और राज्यसभा में विपक्ष ने जोरदार हंगामा किया। लगातार नारेबाजी और चर्चा की मांग के चलते दोनों सदनों की कार्यवाही बार-बार बाधित हुई और अंततः पूरे दिन के लिए स्थगित कर दी गई। अब संसद की कार्यवाही मंगलवार सुबह 11 बजे फिर शुरू होगी। मानसून सत्र 13 अगस्त तक चलेगा।
इधर, राष्ट्रीय राजधानी में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के कार्यकर्ताओं ने NEET-UG पेपर लीक मामले में जवाबदेही की मांग करते हुए संसद की ओर मार्च करने की कोशिश की। संसद मार्ग के पास पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए लाठीचार्ज किया। दिल्ली पुलिस के एक सब-इंस्पेक्टर ने दावा किया कि बैरिकेडिंग के दौरान प्रदर्शनकारियों की ओर से पथराव किया गया, जिसमें कुछ पुलिसकर्मी भी घायल हुए। दिनभर दिल्ली में पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तनातनी देखने को मिली।

