Homeदेशरांची और गोड्डा की सभा में प्रियंका गाँधी का मोदी सरकार पर...

रांची और गोड्डा की सभा में प्रियंका गाँधी का मोदी सरकार पर हमला ,कहा लोगो को प्रताड़ित कर रही है मोदी सरकार 

Published on


न्यूज़ डेस्क 
कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने आरोप लगाया कि बीजेपी नीत केन्द्र सरकार संविधान को बदलने पर तुली हुई है और उसने पिछले 10 वर्ष में संसद और न्यायपालिका जैसी संस्थाओं को कमजोर किया है। प्रियंका ने गोड्डा और रांची में चुनावी रैलियों को संबोधित करते हुए यह भी दावा किया कि केंद्र की नीतियों का विरोध करने वाले सभी लोगों को प्रताड़ित किया जा रहा है।

कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘यदि वे (बीजेपी) दोबारा सत्ता में आए तो संविधान बदल देंगे और आरक्षण में कटौती करेंगे। उन्होंने पिछले 10 वर्ष में लोकतंत्र के साथ-साथ संसद और न्यायपालिका जैसी संस्थाओं को भी कमजोर कर दिया है।’’ उन्होंने दावा किया कि भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम), भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी), भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो), रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन (डीआरडीओ) और अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) जैसे देश के सभी प्रमुख संस्थान कांग्रेस की देन हैं।

प्रियंका गांधी ने कहा कि भाजपा सरकार से भिन्न कांग्रेस की नीतियों का उद्देश्य आदिवासियों के अधिकारों को मजबूत करना है। उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने झूठे मामले में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को जेल भिजवा दिया। उनकी पत्नी कल्पना शेरनी की तरह लड़ रही हैं। पहले कानून बनाने के लिए संसद में बहस होती थी लेकिन अब वे (बीजेपी नेता) विपक्ष पर हमला करते हैं।’’

उन्होंने यह भी दावा किया कि प्रधानमंत्री ने कोविड टीके बनाने वाली एक कंपनी से ‘‘52 करोड़ रुपये का चंदा’’ लिया। उन्होंने कहा, ‘‘यह टीका अब लोगों के शरीर में दुष्प्रभाव पैदा कर रहा है; कई लोगों की जिम में कसरत करते हुए या काम के दौरान अचानक मौत हो गई।’’ प्रियंका ने कहा कि बीजेपी ने हेमंत सोरेन (झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री) को सलाखों के पीछे डालकर सोचा था कि वह आसानी से आगे बढ़ जाएगी, लेकिन इसके बजाय, “आदिवासी मजबूत होकर उभरे हैं और बीजेपी को उसकी आदिवासी विरोधी नीतियों के लिए चुनौती दे रहे हैं।’’

उन्होंने दावा किया, ‘‘बीजेपी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार अरबपतियों के लिए नीतियां बना रही है और उसने हवाईअड्डों और बंदरगाहों जैसी देश की संपत्तियों को उद्योगपतियों को बेच दिया है। इस सरकार ने कई अरबपतियों के 16 लाख करोड़ रुपये भी माफ कर दिए, लेकिन आत्महत्या कर रहे किसानों को कोई राहत नहीं दी।’’ उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘पूंजीपतियों की नजर आपके जल, जंगल और जमीन पर है और गोड्डा इसका उदाहरण है, जहां अडाणी समूह ने ऊर्जा संयंत्र स्थापित किया है लेकिन यहां गरीबों के लिए बिजली उपलब्ध नहीं है।’’

कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया, ‘‘आपकी जमीन, आपका पानी… प्रधानमंत्री के अरबपति दोस्त अडाणी को दे दिया गया है… और यही बीजेपी की नीति है।’’ उन्होंने यह भी दावा किया कि देश में 70 करोड़ युवा बेरोजगार हैं क्योंकि बीजेपी ने देश की संपत्ति पूंजीपतियों को सौंप दी है। प्रियंका ने गोड्डा से बीजेपी उम्मीदवार निशिकांत दूबे का नाम लिए बिना उन पर कटाक्ष किया और कहा कि हालांकि वह क्षेत्र में कभी मौजूद नहीं होते हैं, लेकिन वह ‘‘पूंजीपतियों की आवभगत में व्यस्त’’ रहते हैं। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि कांग्रेस के नेतृत्व वाली सरकार महिलाओं, किसानों और युवाओं के लिए काम करेगी।

बाद में, कांग्रेस उम्मीदवार यशस्विनी सहाय के पक्ष में रांची में एक रैली को संबोधित करते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ‘चंद्रयान 3’ जैसे मिशन का श्रेय लेना कभी नहीं भूलते, लेकिन इसके कलपुर्जे बनाने वाले हेवी इंजीनियरिंग कॉरपोरेशन (एचईसी) के इंजीनियरों को कोई वेतन नहीं दिया गया। उन्होंने कहा, ‘‘यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि एचईसी जैसा महत्वपूर्ण उद्योग बंद होने की कगार पर है।’’ उन्होंने दावा किया कि इसरो के लिए अन्य रणनीतिक उपकरणों के अलावा ‘लॉन्च पैड’ बनाने वाले एचईसी के लगभग 1,300 कर्मचारियों को लगभग दो वर्षों से उनके वेतन का भुगतान नहीं किया गया है।

प्रियंका ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार को महंगाई, बेरोजगारी और अन्य प्रमुख मुद्दों की कोई परवाह नहीं है और उसकी मुख्य चिंता यह है कि चुनी हुई सरकारों को कैसे गिराया जाए। उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘सत्ता बरकरार रखने के लिए वे किसी भी हद तक जा सकते हैं।’’ उन्होंने दावा किया कि आईआईएम, आईआईटी, इसरो, डीआरडीओ, एम्स जैसे देश के सभी प्रमुख संस्थान कांग्रेस की देन हैं। उन्होंने कहा, ‘‘सत्तर प्रतिशत मीडिया संस्थान अरबपतियों और पूंजीपतियों के स्वामित्व में हैं और यही कारण है कि मीडिया ने केवल यह दिखाया कि देश में चहुंओर विकास हुआ है… वे सच्चाई नहीं दिखाते हैं।’’

कांग्रेस नेता ने कहा कि इस समय भारत में सबसे ज्यादा बेरोजगार हैं और यहां महिलाओं पर अत्याचार हो रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री पर तंज कसते हुए कहा कि यह सच है कि देश की संपत्ति पूंजीपतियों और अरबपतियों को सौंपकर प्रधानमंत्री मोदी वह कर सकते हैं जो कांग्रेस 70 साल में नहीं कर पाई। उन्होंने कहा, ‘‘उनके (प्रधानमंत्री मोदी) के पास किसानों का कर्ज माफ करने के लिए धन नहीं है, लेकिन 16,000 करोड़ रुपये के दो विमान खरीदने के लिए धन है।’’

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और बीजेपी कांग्रेस को भ्रष्ट कहते हैं, लेकिन इसके बजाय ‘‘उन्होंने भारी संपत्ति अर्जित की और बीजेपी को 10 वर्षों में सबसे अमीर पार्टी बना दिया’’। प्रियंका ने कहा कि कि मोदी ने एक साक्षात्कार में ‘‘हिंदू-मुस्लिम राजनीति’’ में शामिल होने से इनकार किया था, लेकिन ‘‘वह (मोदी) झूठ बोल रहे हैं और लोग उन्हें सबक सिखाएंगे’’।

Latest articles

अगले महीने यूक्रेन जाएंगे मोदी, रूस – यूक्रेन युद्ध के समाप्त होने के आसार

    पीएम मोदी के अगले महीने अगस्त में यूक्रेन दौरा करने की बात सामने आ...

आखिर प्रियंका गाँधी ने गाजा में इजरायल के हमले की निंदा क्यों की है ?

न्यूज़ डेस्क कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी नेगाजा में मारे जा रहे निर्दोष लोगों पर चिंता...

कुपवाड़ा में आतंकियों से मुठभेड़ ,तीन जवान जख्मी !

न्यूज़ डेस्क जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई है,...

क्या झारखंड को भी बांटने की तैयारी की जा रही है ?

अखिलेश अखिल पिछले दिन पश्चिम बंगाल के उत्तरी हिस्से को काटकर एक अलग प्रदेश या...

More like this

अगले महीने यूक्रेन जाएंगे मोदी, रूस – यूक्रेन युद्ध के समाप्त होने के आसार

    पीएम मोदी के अगले महीने अगस्त में यूक्रेन दौरा करने की बात सामने आ...

आखिर प्रियंका गाँधी ने गाजा में इजरायल के हमले की निंदा क्यों की है ?

न्यूज़ डेस्क कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी नेगाजा में मारे जा रहे निर्दोष लोगों पर चिंता...

कुपवाड़ा में आतंकियों से मुठभेड़ ,तीन जवान जख्मी !

न्यूज़ डेस्क जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई है,...