न्यूज़ डेस्क
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आज 73 जन्म दिन है। बीजेपी पूरे देश में उनके जन्मदिन को मन रही है। देश भर में कई कार्यक्रम भी आयोजित किये गए हैं। अपने जन्मदिन के मौके पर पीएम ने आज दिल्ली में एक विश्वस्तरीय सम्मलेन सेंटर यशोभूमि का उद्घाटन किया है। पीएम ने कहा कि अब त्योहारों का समय आ रहा है। खरीददारी बढ़ने वाली है। उन्होंने लोगों को कहा कि स्थानीय उत्पादों को लोग ख़रीदे तकि लोकल उत्पाद ग्लोबल बन सके।
पीएम मोदी ने कहा कि क्या छोटी-छोटी जगहों पर बने उत्पाद वैश्विक बाजारों तक नहीं पहुंचना चाहिए? इसके लिए, आपको पहले स्थानीय के लिए मुखर होना होगा, और फिर स्थानीय को वैश्विक बनाना होगा। गणेश चतुर्थी, धनतेरस, दीपावली और कई अन्य त्यौहार आने वाले हैं। इस दौरान स्थानीय उत्पाद खरीदें। उन्होंने कहा कि वोकल फॉर लोकल अभियान पर खरा उतरना पूरे देश की जिम्मेदारी है।
पीएम ने कहा कि भारत मंडपम हो या यशोभूमि ये भारत के आतिथ्य, भारत की श्रेष्ठता और भारत की भव्यता के प्रतीक बनेंगे। भारत मंडपम और यशोभूमि दोनों में ही भारतीय संस्कृति और अत्याधुनिक सुविधाओं का संगम है।प्रधानमंत्री ने कहा कि दुनिया में कॉन्फ्रेंस टूरिज्म बढ़ रहा है, जिसमें भारत के लिए असीमित संभावनाएं हैं। कॉन्फ्रेंस टूरिज्म इंडस्ट्री दुनिया में 25 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा की है। 32,000 से ज्यादा बड़ी प्रदर्शनियां और एक्सपो लगते हैं। 2-5 करोड़ की आबादी वाले देश भी इसकी व्यवस्था करते हैं, हमारी आबादी 140 करोड़ है। भारत की भागीदारी इस इंडस्ट्री में 1% है। आज का नया भारत कॉन्फ्रेंस टूरिज्म के लिए खुद को तैयार कर रहा है। भारत मंडपम और यशोभूमि दिल्ली को सम्मेलन पर्यटन का सबसे बड़ा केंद्र बनाएंगे।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योना की भी शुरुआत की। प्रधानमंत्री ने कहा कि पीएम विश्वकर्मा योजना के तहत सरकार बिना किसी बैंक गारंटी के 3 लाख रुपये तक का ऋण प्रदान करेगी। यह भी सुनिश्चित किया गया है कि ब्याज दर भी बहुत कम हो। सरकार ने फैसला किया है कि 1 लाख रुपये शुरुआत में ऋण दिया जाएगा और जब इसे चुकाया जाएगा, तो सरकार विश्वकर्मा भागीदारों को अतिरिक्त 2 लाख रुपये का ऋण प्रदान करेगी। प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना एक तरह से लोगों को मॉडर्न युग में ले जाने का प्रयास है। समाज को टेक्नोलॉजी, टूल्स और ट्रेनिंग बहुत जरूरी है। इससे विश्वकर्मा भाई-बहनों का सामर्थ्य बढ़ेगा।
उन्होंने कहा कि हमारी ही सरकार है जिसने आजादी के बाद पहली बार बंजारा और घुमंतू जनजातियों की परवाह की। ये गरीबों का बेटा मोदी सेवक बनकर आया है। ये हमारी ही सरकार है जिसने आजादी के बाद पहली बार दिव्यांगजनों के लिए हर स्तर, हर स्थान पर विशेष सुविधाएं विकसित कीं।

