Governor Appointments 2026: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की ओर से छह राज्यों में राज्यपालों की नियुक्ति और फेरबदल किए जाने की घोषणा की गई है। जारी जानकारी के मुताबिक, ओम प्रकाश माथुर को केरलम, राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर को तमिलनाडु और दुष्यंत गौतम को सिक्किम का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। वहीं, ब्रज मोहन राम को ओडिशा, डॉ. सुधा यादव को कर्नाटक और डॉ. ढाल सिंह बिसेन को उत्तराखंड की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
कौन कहां बना राज्यपाल?
ओम प्रकाश माथुर: सिक्किम से केरलम भेजे गए हैं। वह भाजपा के वरिष्ठ नेता और राजस्थान से राज्यसभा के पूर्व सांसद हैं।
राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर: केरलम से तमिलनाडु के राज्यपाल बनाए गए हैं। वह गोवा विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष रह चुके हैं और बिहार व हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल भी रहे हैं।
ब्रज मोहन राम: पलामू से लोकसभा के पूर्व सांसद रहे हैं। उन्हें ओडिशा का राज्यपाल नियुक्त किया गया है।
डॉ. सुधा यादव: भाजपा की पूर्व सांसद और राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की पूर्व सदस्य हैं। उन्हें कर्नाटक का राज्यपाल बनाया गया है।
डॉ. ढाल सिंह बिसेन: मध्य प्रदेश के बालाघाट से लोकसभा के पूर्व सांसद रहे हैं। उन्हें उत्तराखंड का राज्यपाल नियुक्त किया गया है।
दुष्यंत गौतम: भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय महासचिव और राज्यसभा के पूर्व सांसद हैं। अब वह सिक्किम के नए राज्यपाल होंगे।
दुष्यंत गौतम की नियुक्ति पर भाजपा सिक्किम ने स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि उनके मार्गदर्शन में राज्य में विकास और जनकल्याण के कार्यों को गति मिलेगी। वहीं, पार्टी ने ओम प्रकाश माथुर के कार्यकाल के दौरान उनके योगदान की सराहना करते हुए नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।

