राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शुक्रवार रात आठ बजे ‘इंडिया’ गठबंधन के नेताओं से मुलाकात करने पर सहमत हो गई हैं। सूत्रों ने बताया कि राष्ट्रपति ने विपक्ष के नेताओं को आज देर शाम मुलाकात के लिए बुलाया है। विपक्ष ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के मसले पर मुलाकात के लिए राष्ट्रपति से मिलने का समय मांगा है।
कांग्रेस के संगठन महासचिव के. सी. वेणुगोपाल ने गुरुवार को बताया था कि ‘इंडिया’ गठबंधन ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात का समय मांगा है और वह राष्ट्रपति भवन से जवाब की प्रतीक्षा कर रहा है। वेणुगोपाल के मुताबिक, मुलाकात के लिए पहला अनुरोध पत्र दो अक्टूबर को भेजा गया था। इसके बाद राष्ट्रपति भवन ने बैठक में शामिल होने वाले नेताओं के नाम मांगे थे। इसके अनुरूप गठबंधन ने पांच अक्टूबर को दोबारा अनुरोध भेजकर नेताओं के नाम दिए और सात, आठ या नौ अक्टूबर को मुलाकात के लिए समय मांगा था। उन्होंने कहा था कि शुक्रवार तक जवाब का इंतजार किया जाएगा
पिछले सप्ताह ‘इंडिया’ गठबंधन ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के मुद्दे पर संयुक्त कार्ययोजना को अंतिम रूप दिया था। इसके तहत विभिन्न स्थानों पर रैलियां आयोजित करने और ‘लोकतंत्र बचाओ’ मार्च निकालने का फैसला किया गया था। विपक्षी दल पिछले तीन दिन से हर दिन अलग-अलग तरीके से विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।

