बीरेंद्र कुमार झा
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार बनने से भले ही इनकार कर दिया हो , लेकिन उनके दल के नेता गाहे-बगाहे इस मुद्दे को उठा ही देते हैं। इन दिनों पटना की सड़कों पर एक पोस्टर लगा है। इसमें लाल किला दिखाया गया है। पोस्टर पर नीतीश कुमार की तस्वीर के साथ लिखा है- देश को आपका इंतजार है।
यह पोस्टर जेडीयू के एमएलसी खालिद अनवर ने जगह-जगह पर लगाया है। अब इस पोस्टर पर विवाद गहरा गया है। सवाल उठ रहा है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार प्रधानमंत्री के उम्मीदवार होंगे या फिर पोस्टर यूं ही लगा दिया गया है।
एक पोस्टर से शुरू हुआ यह विवाद
खालिद अनवर ने सोमवार को इफ्तार पार्टी दी थी। इसमें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी शामिल हुए थे। उस इफ्तार पार्टी की दावत के हॉल में चारों तरफ लाल किला का पोस्टर लगाया गया था। मुख्यमंत्री को उस जगह पर बैठाया गया, जहां बैकग्राउंड में लाल किला था। अब यह वीडियो और पोस्टर पूरी तरह से वायरल हो रहा है।
नीतीश कुमार मंत्रिमंडल के मंत्री अशोक चौधरी का विचार
लालकिला की तस्वीर , नीतीश कुमार के सिटिंग अरेंजमेंट और विपक्ष के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार की संभाव्यता को लेकर जब नीतीश कुमार मंत्रिमंडल के मंत्री मंत्री अशोक चौधरी से सवाल किया गया तो अशोक चौधरी ने कहा कि अलग-अलग तरीके से लोग फोटो लगा देते हैं। लेकिन, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने तो पहले ही अपने आप को विपक्ष के प्रधानमंत्री पद के चेहरेववाले इस रेस से बाहर बता दिया है। नीतीश कुमाअब विपक्ष के प्रधानमंत्री पद का चेहरा नहीं बल्कि विपक्ष का प्रधानमंत्री उम्मीदवार मेकर बनेंगे।और इसके लिए अब वे विभिन्न पार्टियों में मौजूद प्रधानमंत्री पद के ऐसे उम्मीदवारों को एकजुट करने के लिए तैयार हैं। ये अब इसी के तहत आगे काम भी करेंगे।
क्या बोले जेडीयू एमएलसी
पोस्टर पर जिस एमएलसी का फोटो दिख रहा है वह जेडीयू के खालिद अनवर हैं। उन्होंने पोस्टर पर लाल किला का फोटो दिया है और लिखवाया है- हम बिहार वाले हर कदम आपके साथ है। अगली लाइन लिखी हुई है देश को आपका इंतजार है। इस पोस्टर और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के देश में प्रधानमंत्री पद की फिलहाल कोई वेकेंसी नही होने को लेकर खालिद अनवर से बात की गई तो उन्होंने कहा कि देश के गृह मंत्री अमित शाह यह तय करने वाले नहीं हैं कि कौन देश का प्रधानमंत्री बनेगा, कौन देश का गृह मंत्री बनेगा।कौन देश का प्रधानमंत्री बनेगा और कौन नहीं, यह तय देश की जनता करती है।खालिद अनवर ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पूरे देश के विपक्षी नेताओं को एकजुट करके देश के नेता बनेंगे।
सीएम को दिखाया जा रहा है सब्जबाग
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता प्रेम रंजन पटेल ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को सब्जबाग दिखाया जा रहा है। बिल्कुल 2024 में देश के प्रधानमंत्री के लिए कोई वैकेंसी नहीं है। प्रेम रंजन पटेल ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपने बल पर 1994 और 2014 में चुनाव लड़ चुके हैं। तब जेडीयू का प्रदर्शन काफी खराब हुआ था। नीतीश कुमार इस समय जिस विपक्षी एकता की बात कर रहे हैं, वहीं विपक्षी नेता नीतीश कुमार को कभी नेता बनाने को तैयार नहीं हो रहे हैं। हां सपना सपना देखने के लिए नीतीश कुमार स्वतंत्र हैं।
गिरिराज बोले-अब एफिडेविट करवा कर नाम में ही पीएम सटवा लें
काल किले के बैकग्राउंड वाले स्टेज पर नीतीश कुमार के रोजा-इफ्तार करने पर गिरिराज सिंह ने तंज कसा है। उन्होंने ट्वीट किया और लिखा- लाल किला का सपना पूरा हो गया, अब एफिडेविट करवा कर नाम में ही पीएम सटवा लें।
इससे पहले पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद और बीजेपी ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. निखिल आनंद भी नीतीश कुमार पर तंज कस चुके हैं।

