राहुल गांधी के बयान पर सियासी बवाल, भाजपा बोली, सेना और देश का अपमान

0
219

नई दिल्ली: राहुल के सेना पर दिये बयान के बाद देश में सियासी घमासान मच गया है। भाजपा ने राहुल पर चौतरफा हमला बोला है। भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया ने राहुल गांधी की तुलना जयचंद से की है। गौरव भाटिया ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी भारतीय सेना का मनोबल तोड़ने का प्रयास कर रहे हैं। उन्हें समझना चाहिए कि यह 1962 का भारत नहीं है।

राहुल ने पुलवामा हमले को होम ग्रोएन टेररिज्म बताया: गौरव भाटिया

गौरव भाटिया ने कहा कि राहुल गांधी जी मैं आपको बता दूं कि- भारत की सेना इतनी सक्षम है कि ना तो कभी पिटी थी और ना कभी पिटेगी। आज जब हमारी सेना और सीमांत इलाके सक्षम और सुरक्षित हो रहे हैं तो कांग्रेस को इतना दर्द क्यों हो रहा है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में जब-जब देश एकजुट हुआ तब तब कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी ने इस एकजुटता की पीठ में खंजर घोपने का काम किया। इन्होने तो पुलवामा हमले को भी होम ग्रोएन टेररिज्म बताया था। उन्होंने 56 इंच का सीना कहां है, ये कहकर मजाक उड़ाया। हमने पुलवामा का जवाब देने के लिए सर्जिकल स्ट्राइक किया।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने की राहुल के बयान की निंदा

 उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राहुल गांधी के बयान पर कहा क‍ि राहुल गांधी का बयान अपमानजनक है और राष्ट्र विरोधी तत्वों को प्रेरित करता है। यह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत और भारतीय सेना का अपमान करने वाला है। हम इसकी निंदा करते हैं। सीएम योगी ने कहा क‍ि कांग्रेस और राहुल गांधी देश के जवानों और लोगों से माफी मांगें और उन्हें देश को बार-बार संकट में डालने की हरकत से बचना चाहिए।

सिरसा बोले :सोनिया, प्रियंका पीटें राहुल को

भाजपा नेता मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि उनके बयान से मेरा खून खौल रहा है। उन्होंने सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी को सलाह दी है कि राहुल गांधी को इस बयान के लिए पीटें

राहुल गांधी ने कहा: चीन युद्ध की तैयारी कर रहा और भारत सरकार सोई हुई है

गौरतलब है कि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को केंद्र सरकार पर आरोप लगाया कि चीन युद्ध की तैयारी कर रहा है और भारत सरकार सोई हुई है और खतरे को नजरअंदाज करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया था कि चीन ने 2,000 वर्ग किलोमीटर भारतीय क्षेत्र छीन लिया है, 20 भारतीय सैनिकों की हत्या कर दी है और अरुणाचल प्रदेश में हमारे जवानों को पीट रहा है।

भारत जोड़ो यात्रा के सौ दिन पूरे

शुक्रवार को राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को 100 दिन पूरे हो गये। यात्रा इन दिनों राजस्थान में है। सौ दिन पूरे होने पर राहुल गांधी ने कहा कि मैं यात्रा इसलिए कर रहा हूं क्योंकि भाजपा, आरएसएस ने नफरत फैलाई है। उस डर को मिटाने के लिए यात्रा कर रहा हूं। उन्होंने कहा कि चीन के मसले पर सरकार लगातार इग्नोर कर रही है। लेकिन ना इसे इग्नोर किया जा सकता है,ना छिपाया जा सकता है। चीन का ऑपरेशन चल रहा है। तैयारी की जा रही है, हिंदुस्तान की सरकार सोई हुई है। जो कोई भी इन बातों को समझता है वो देख सकते हैं उनके हथियार। वो युद्ध की तैयारी कर रहे हैं। हिंदुस्तान की सरकार इवेंट बेस्ड काम करती है। इंटरनेशनल मसले पर इवेंट नहीं, शक्ति काम करती है। मैंने तीन-चार बार बोला है, उसे समझना चाहिए। सिर्फ विदेश मंत्री के बयान आते रहते हैं, विदेश मंत्री को अपनी समझ गहरी करना चाहिए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here