बीरेंद्र कुमार झा
ओडिशा के बालासोर में तीन ट्रेनों के आपस में टकराने से भीषण हादसा हुआ है जिसमें अभी तक 280 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 900 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। मौत का आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है। हादसे के बाद चलाया गया रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा हो गया है। रेल मंत्री ने उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं।हादसे की वजह से कई ट्रेनें आज कैंसिल हो गई हैं जबकि कई के समय में बदलाव किया गया है।देश ही नहीं विदेशी राष्ट्र प्रमुखों ने भी इस दर्दनाक रेल हादसे पर दुख जताते हुए अपनी संवदेनाएं व्यक्त की हैं।

रेस्क्यू ऑपरेशन हुआ पूरा
रेलवे ने बयान जारी करते हुए बताया कि जिस जगह पर ट्रेन डिरेल हुई थी, उस जगह पर रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा हो गया है और सेवाओं की बहाली का काम शुरू हो गया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहुंचे बालासोर के दुर्घटनास्थल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बालासोर हालात का जायजा लेने के लिए दुर्घटनास्थल पर पहुंच गए हैं। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों से घटना को लेकर जानकारी ली। कल शाम को यहां तीन ट्रेनों की टक्कर हो गई थी। इस हादसे में अब तक 280 लोगों की जान जाने की सूचना सामने आ रही है, जबकि 900 लोग जख्मी हैं।हादसे को लेकर प्रधानमंत्री ने शुक्रवार को ट्वीट भी किया था।उन्होंने लिखा था कि ओडिशा में ट्रेन हादसे की घटना से व्यथित हूं।दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना है।

कटक में भर्ती यात्रिसों
पीएम नरेंद्र मोदी अब घटनास्थल से रवाना हो गए हैं। सूत्रों के मुताबिक अब वह कटक में भर्ती यात्रिसों से मिलेंगे। पीएम के साथ रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान भी मौजूद हैं।
हादसे की होनी चाहिए हाई लेवल जांच : लालू यादव
आरजेडी प्रमुख और पूर्व रेल मंत्री लालू प्रसाद यादव ने बालासोर ट्रेन दुर्घटना पर केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि जिस तरह से उन्होंने लापरवाही दिखाई और सतर्कता नहीं दिखाई, उससे इतनी बड़ी संख्या में लोग हताहत हुए।उन्होंने कहा कि इसकी उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए।इसके लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।यह बड़ी लापरवाही है, केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने रेलवे को बर्बाद कर दिया।

मदद के लिए आगे आएं राजनीति दल: खड़गे
बालासोर हादसे पर कांग्रेस अध्यक्ष और पूर्व रेल मंत्री मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि मैं राजनीतिक दलों से आगे आने और मदद करने का अनुरोध करता हूं।मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करता हूं। मुझे प्रधानमंत्री और रेल मंत्री से कई सवाल पूछने हैं लेकिन अभी वक्त राहत और बचाव का है।
बंगाल सरकार देगी राज्य के मृतक परिजनों को 5 लाख रुपये की मदद
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री कार्यालय ने बयान जारी करते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल सरकार ने दुर्घटना में मरने वाले राज्य के लोगों के परिजनों के लिए 5-5 लाख रुपये के मुआवजे की घोषणा की है. घायलों के लिए 1 लाख रुपये और मामूली चोटों वाले लोगों के लिए 50 हजार रुपये की मदद दी जाएगी।
वरुण गांधी ने सांसदों से की आर्थिक मदद की अपील
बीजेपी सांसद वरुण गांधी ने ट्वीट करते हुए कहा कि उड़ीसा की रेल दुर्घटना हृदय विदारक है। जो परिवार इस हादसे से टूटे हैं हमें उनके साथ चट्टान की तरह खड़ा होना होगा। मेरा सभी साथी सांसदों से निवेदन है कि हम सभी अपनी तनख्वाह का एक हिस्सा शोक संतप्त परिजनों के नाम कर उनकी मदद के लिए आगे आयें। पहले उन्हें सहारा मिले, फिर न्याय ।
रेलमंत्री बताएं… यह गलती किसने की: सिद्धारमैया
कर्नाटक के सीएम सिद्धारमैया ने कहा- भयानक ट्रेन हादसे की खबर दिल दहला देने वाली है। इतना भयानक हादसा पहले कभी नहीं हुआ।दिवंगत आत्माओं को शांति मिले। रेल मंत्रालय को बताना चाहिए कि यह गलती किसने की।हमने अपने मंत्री संतोष लाड को दुर्घटनास्थल पर भेजा है।
रेल मंत्री में शर्म है तो उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए- दिग्विजय सिंह
कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने कहा कि रेल मंत्री को इस्तीफा देना चाहिए । एक रेल हादसे मे लाल बहादुर शास्त्री ने दे दिया था इस्तीफा ,लेकिन हमें मोदी सरकार के किसी मंत्री से इस्तीफे की नही हैं उम्मीद ।यदि माननीय मंत्री जी में शर्म होगी तो उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए।
जापान के प्रधानमंत्री का ट्वीट
जापान के प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा ने ट्वीट कर हादसे पर दुख जताया और कहा- प्रधानमंत्री मोदी जी, ओडिशा राज्य में हुए ट्रेन हादसे में कई लोगों की मौत और घायल होने की खबर सुनकर बहुत दुखी हूं। जापान सरकार और लोगों की ओर से मैं उन लोगों के परिजनों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त करना चाहता हूं जिन्होंने अपनी जान गंवाई।मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना करता हूं।
जर्मनी ने हादसे पर जताया दुख
जर्मनी ने बालासोर हादसे पर दुख जताया।उनकी विदेश मंत्री अन्नालेना बेयरबॉक ने कहा कि ओडिशा में भयानक ट्रेन दुर्घटना से गहरा दुख हुआ।मेरे भारतीय मित्रों और मेरे प्रिय सहयोगी एस जयशंकर के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं हैं।हमारी संवेदनाएं पीड़ितों और उनके परिवारों के साथ हैं।
शहबाज शरीफ ने प्रकट की संवेदना
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने ट्वीट करते हुए कहा कि में भारत में एक ट्रेन दुर्घटना में सैकड़ों लोगों की मौत से बेहद दुखी हूं।मैं इस त्रासदी में अपने प्रियजनों को खोने वाले शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।

