बीरेंद्र कुमार झा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज राजस्थान के अजमेर जिला में एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। उनकी यह यात्रा ऐसे समय हो रही है जब राजस्थान में सत्तारूढ़ कांग्रेस मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और lपूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट के बीच मतभेद से जूझ रही है। प्रधानमंत्री की अजमेर यात्रा इस महीने की शुरुआत में उनकी राजसमन्द और सिरोही दौरे के तुरंत बाद हो रही है।
बीजेपी सरकार के 9 साल पूरे होने पर अभियान की शुरुआत करेंगे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज अजमेर जिला में बीजेपी सरकार के शासन में साल पूरे होने पर एक महीने की अभियान की शुरुआत करेंगे। राजस्थान में विधानसभा चुनाव इस साल के अंत में होना है।
तीर्थ नगरी पुष्कर जाएंगे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ब्रह्मा मंदिर में करेंगे पूजा अर्चना
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज दिल्ली से किशनगढ़ हवाई अड्डे पहुंचेंगे और वहां से वह हेलीकॉप्टर से तीर्थ नगरी पुष्कर जाएंगे। पार्टी सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वहां ब्रह्मा मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे। पुष्कर से वह हेलीकॉप्टर से जयपुर रोड स्थित विश्राम स्थली जाएंगे,जहां वे पार्टी के एक महीने तक चलने वाले अभियान की शुरुआत करेंगे और रैली को संबोधित करेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली के लिए तैयारी पूरी
अजमेर उत्तर से बीजेपी विधायक वासुदेव देवनानी ने कहा कि प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर पूरी तैयारी कर ली गई है। प्रधानमंत्री की विशाल रैली के लिए अजमेर नागौर, टोंक,भीलवाड़ा, राजसमंद जयपुर और पाली के 7 जिलों की 45 विधानसभा क्षेत्रों और 8 लोकसभा क्षेत्रों से पार्टी कार्यकर्ता जुटेंगे। इन 45 विधानसभा सीटों में से 21पर कांग्रेस,19 पर बी जे पी ,3 पर निर्दलीय और 2 पर राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी का कब्जा है।

