PM Modi Bihar Visit: बिहार को नीतीश सेतु की सौगात, पीएम मोदी ने 100 इलेक्ट्रिक बसों को दिखाई हरी झंडी

0
5

PM Modi Bihar Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को बिहार के वैशाली पहुंचे। यहां उन्होंने गंगा नदी पर बने नीतीश सेतु को देश को समर्पित किया। लगभग 4,280 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह पुल 19.7 किलोमीटर लंबा है। एक्स्ट्राडोज्ड केबल-स्टे तकनीक से बने इस पुल के जरिए पटना के कच्ची दरगाह और वैशाली के बिदुपुर के बीच सीधा संपर्क स्थापित होगा। कार्यक्रम के दौरान पीएम ने 100 पीएम-ई बसों को हरी झंडी दिखाई। साथ ही, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत हजारों लाभार्थियों को पक्के मकानों की चाबियां भी सौंपीं।

छठी मैया के आशीर्वाद से बिहार में विकास का पर्व: पीएम मोदी

वैशाली में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि छठ महापर्व के बाद छठी मैया के आशीर्वाद से बिहार में विकास का उत्सव मनाया जा रहा है। उन्होंने जनसभा में उमड़ी भीड़ को राज्य के लोगों की विकास के प्रति बढ़ती उम्मीदों और जागरूकता का संकेत बताया।

पीएम मोदी ने कहा कि NDA सरकार ने अपना एक साल का कार्यकाल पूरा कर लिया है। इस अवसर के लिए लोकतंत्र की ऐतिहासिक धरती वैशाली को चुना गया। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि अब मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और उनकी टीम बिहार की विकास यात्रा को आगे बढ़ा रही है।

किसानों, युवाओं और बुजुर्गों को मिलेगी राहत

प्रधानमंत्री के मुताबिक, नीतीश सेतु बनने से पटना और वैशाली के बीच आवागमन पहले के मुकाबले आसान होगा। इसका सीधा लाभ किसानों, विद्यार्थियों और बुजुर्गों को मिलेगा। किसान अपनी फसल, सब्जियां और दूध कम समय में बड़े बाजारों तक पहुंचा सकेंगे। वहीं, युवाओं के लिए पढ़ाई और बुजुर्गों के लिए इलाज के सिलसिले में यात्रा करना सुविधाजनक होगा।

पीएम मोदी ने कहा कि बिहार में आधुनिक सड़कों का नेटवर्क लगातार बढ़ाया जा रहा है। बेहतर कनेक्टिविटी राज्य की आर्थिक गतिविधियों और विकास को नई गति देने में मदद करेगी।

पुराने और नए बिहार का अंतर भी बताया

अपने भाषण में प्रधानमंत्री ने बिहार के पुराने दौर और मौजूदा स्थिति की तुलना भी की। उन्होंने कहा कि पहले राज्य में घोटालों की चर्चा होती थी, जबकि अब निवेश के आंकड़ों पर बात हो रही है। पहले अपराधों की गिनती सामने आती थी, लेकिन अब अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई की चर्चा होती है।

पीएम मोदी ने कहा कि जब सरकार की नीयत साफ होती है, तो काम के नतीजे भी दिखाई देते हैं। उनके अनुसार, बिहार में NDA सरकार के पिछले एक साल के कामकाज को इसी बदलाव के उदाहरण के तौर पर देखा जा सकता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here