नई दिल्ली में आयोजित ‘संविधान गौरव दिवस’ कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने संविधान के सर्वोच्च मूल्यों को लेकर बड़ी बात कही।उन्होंने बताया कि कैसे 2015 में पीएम मोदी के एक फैसले ने देश के हर स्कूल, कॉलेज और नागरिक तक संविधान की भावना को पहुंचाने का काम किया।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि संविधान का सम्मान करना हम सभी भारतीयों के लिए एक बेहद अहम और गौरवपूर्ण जिम्मेदारी है।हालांकि, यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि आजादी के बाद संविधान को सिर्फ सरकार चलाने की एक गाइडबुक मानने की कोशिश की गई और देश के युवाओं व नागरिकों के मन में इसकी असली भावना को जगाने और मजबूत करने के प्रयास को भुला दिया गया।
अमित शाह ने आगे कहा कि जब 2014 में नरेंद्र मोदी जी देश के प्रधानमंत्री बने, तो उन्होंने 2015 में यह फैसला लिया कि हर साल 26 नवंबर को ‘संविधान गौरव दिवस’ के रूप में मनाया जाएगा, ताकि हमारे संविधान की टॉप वैल्यूज को हर स्कूल, कॉलेज और आम नागरिक तक पहुंचाया जा सके।
अमित शाह ने बिना किसी का नाम लिए उन विपक्षी नेताओं पर निशाना साधा है, जो रैलियों और संसद में संविधान की लाल प्रति हाथ में लेकर दिखाते हैं।उन्होंने कहा कि जो लोग हमारी सभ्यता का विरोध कर रहे हैं, मैं उनसे कहना चाहता हूं कि यदि आपके जीवन में संविधान के लिए 10 से 15 मिनट का समय है, तो कृपया एक बार संविधान की मूल प्रति को जरूर देखें।अमित शाह ने विपक्ष को नसीहत देते हुए शाह ने कहा, ‘जो लोग हाथों में संविधान लेकर घूमते हैं, उनसे मेरा विनम्र निवेदन है कि वे संसद की लाइब्रेरी में जाएं, संविधान के लिए 15 मिनट का समय निकालें और इसकी असली भावना को समझने के लिए नंदलाल बोस के बनाए चित्रों को जरूर देखें।
गृह मंत्री अमित शाह ने याद दिलाया कि प्रख्यात चित्रकार नंदलाल बोस द्वारा सजाई गई संविधान की मूल प्रति भारतीय संस्कृति और इतिहास की झलक पेश करती है, उन्होंने कहा, ‘संविधान की मूल प्रति के अध्यायों की शुरुआत उन चित्रों से होती है, जिनमें भगवान श्री राम के अयोध्या आगमन, भगवान बुद्ध, भगवान महावीर, दशम पिता गुरु गोबिंद सिंह जी, रानी लक्ष्मीबाई, दांडी मार्च और नेताजी सुभाष चंद्र बोस को दर्शाया गया है।
अमित शाह ने भारतीय लोकतंत्र की मजबूती और संविधान की प्रस्तावना के महत्व पर भी जोर दिया।विपक्ष पर निशाना साधते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दो टूक कहा कि सत्ता की चाबी किसके हाथ में होगी, इसका फैसला सिर्फ देश की जनता करती है और सरकार चुनने का पूरा अधिकार आम लोगों के पास ही है।
अमित शाह ने कहा कि हमारे संविधान बनाने वालों ने तय किया कि सत्ता लोगों से मिलेगी और सत्ता लोगों के जरिए ही जाएगी।उन्होंने जनता को यह तय करने का अधिकार दिया कि सत्ता किसे देनी है और जिन्हें सत्ता मिली, उनके लिए उन्होंने यह रास्ता बनाया कि शासन संविधान के दायरे में ही चलना चाहिए। इस प्रस्तावना का हर एक शब्द जो हम यहां पढ़ते हैं, एक महान भारत बनाने के लिए कहा गया था।

