PM Kisan 24th Installment: प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से जुड़े किसानों के लिए आज, 30 अक्टूबर को अहम दिन है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुजरात के बनासकांठा जिले के भिलड़ी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पीएम-किसान योजना की 24वीं किस्त जारी करेंगे। गुजरात के कृषि मंत्री जीतू वघानी के मुताबिक, इस चरण में देश के 9.34 करोड़ से अधिक किसानों के खातों में 18,680 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि भेजी जाएगी।
गुजरात के 52 लाख से अधिक किसानों को भी मिलेगा लाभ
कृषि मंत्री जीतू वघानी ने बताया कि गुजरात के 52.33 लाख से ज्यादा किसान परिवारों को इस किस्त के तहत 1,051 करोड़ रुपये से अधिक की आर्थिक सहायता मिलने की उम्मीद है। उन्होंने भिलड़ी में होने वाले ‘पीएम किसान उत्सव दिवस’ की तैयारियों की समीक्षा के बाद यह जानकारी दी।
कब जारी हुई थी पिछली किस्त?
इससे पहले पीएम-किसान योजना की 23वीं किस्त 20 जून को पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के तारकेश्वर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जारी की गई थी। तब 9.44 करोड़ से अधिक पात्र किसानों को 18,880 करोड़ रुपये से ज्यादा की रकम हस्तांतरित की गई थी। वहीं, 22वीं किस्त 13 मार्च को जारी हुई थी।
गुजरात दौरे पर दो बायोगैस प्लांट की रखेंगे आधारशिला
प्रधानमंत्री अपने गुजरात दौरे के दौरान बनास डेयरी की ओर से थराद और राधनपुर में स्थापित किए जाने वाले दो कंप्रेस्ड बायोगैस (CBG) प्लांटों की आधारशिला भी रखेंगे। थराद संयंत्र में प्रतिदिन 75 टन और राधनपुर संयंत्र में 100 टन गोबर का प्रसंस्करण किया जा सकेगा।
इन दोनों परियोजनाओं के शुरू होने के बाद बनास मॉडल के तहत बायो-CNG प्लांटों की संख्या छह हो जाएगी। इन सभी संयंत्रों की कुल प्रसंस्करण क्षमता 515 टन गोबर प्रतिदिन होगी। अनुमान है कि इनसे हर साल करीब 33,400 से 34,600 टन तक कार्बन उत्सर्जन घटाने में मदद मिलेगी।

