Bihar News: विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर आईएएस भवन, पटना में रविवार को एक विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। आईएएस एसोसिएशन, अन्य ऑल इंडिया सर्विस एसोसिएशनों और उनके ऑफिसर्स वाइव्स एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस शिविर में कुल 190 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया।

कार्यक्रम का उद्घाटन बिहार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, पुलिस महानिदेशक विनय कुमार, प्रधान मुख्य वन संरक्षक प्रभात कुमार गुप्ता सहित कई वरिष्ठ अधिकारियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने कहा कि “रक्तदान जीवनदान है और इससे बड़ा पुण्य कार्य कोई नहीं हो सकता। यह बिना किसी आर्थिक खर्च के किसी जरूरतमंद को नया जीवन देने का माध्यम है।” उन्होंने माँ ब्लड सेंटर द्वारा पिछले छह वर्षों में किए गए कार्यों की सराहना करते हुए लोगों से नियमित रक्तदान करने की अपील की।

पुलिस महानिदेशक विनय कुमार ने कहा कि रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवा है। उन्होंने बड़ी संख्या में अधिकारियों, कर्मचारियों और सदस्यों की भागीदारी को समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।
शिविर के तकनीकी संचालन में दरियापुर स्थित माँ ब्लड सेंटर ने महत्वपूर्ण सहयोग दिया। आयोजन का संचालन विभिन्न सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्वयंसेवकों की सक्रिय देखरेख में किया गया।

रक्तदान करने वालों में एडीजी कुंदन कृष्णन, म्युनिसिपल कमिश्नर यशपाल मीणा, डीएफओ पटना पीयूष बरनवाल, आईएफएस अधिकारी एस. चंद्रशेखर, आईएएस अधिकारी संतोष कुमार मल्ल, दिवेश सेहरा और निशा मणि सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी शामिल रहे।

इसके अलावा कई पुलिस अधिकारियों, पटना जू के कर्मियों, फॉरेस्ट गार्डों और वनपालों ने भी उत्साहपूर्वक रक्तदान कर अभियान को सफल बनाया। आयोजन के अंत में सभी रक्तदाताओं को सम्मानित किया गया। आयोजकों ने इसे मानवता और जनसेवा के प्रति समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।

