पटना: बिहार के लिए गर्व की खबर सामने आई है। राजधानी पटना स्थित डॉन बॉस्को एकेडमी के छात्र धैर्य पांडे ने अपनी शानदार प्रतिभा का एक बार फिर परिचय देते हुए ऑनलाइन क्रॉसवर्ड प्रतियोगिता ‘एकेड क्वाड (ACAD QUAD)’ की स्कूल श्रेणी में लगातार दूसरे महीने देशभर में पहला स्थान हासिल किया है। जून 2026 के घोषित परिणामों में धैर्य ने अपना राष्ट्रीय शीर्ष स्थान बरकरार रखते हुए बिहार का गौरव बढ़ाया है।
जून के नतीजों में बरकरार रही बादशाहत
सालभर आयोजित होने वाली इस प्रतिष्ठित ऑनलाइन प्रतियोगिता के जून महीने के परिणाम जारी किए गए हैं। स्कूल श्रेणी में धैर्य पांडे ने लगातार दूसरी बार शीर्ष स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। वहीं एलन करियर इंस्टीट्यूट, कोटा के प्रशांत कुमार लेंसी दूसरे और डॉ. भीमराव अंबेडकर आवासीय विद्यालय, भर्रा (बेगूसराय) के साहिल कुमार तीसरे स्थान पर रहे।
अन्य श्रेणियों में मिले नए विजेता
इस बार प्रतियोगिता की कॉलेज, सीनियर और ग्लोबल श्रेणियों में नए चैंपियन सामने आए हैं। कॉलेज श्रेणी में एनआईटी मणिपुर के ओम कुमार झा ने पहला स्थान हासिल किया। दूसरे स्थान पर शिवम कुमार झा (IIIT मणिपुर) और तीसरे स्थान पर प्रणव कुमार झा (मुजफ्फरपुर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी) रहे।
सीनियर श्रेणी में चेन्नई की आर. उमा ने पहला स्थान प्राप्त किया। दूसरे स्थान पर श्री प्रकाश (एर्नाकुलम) और तीसरे स्थान पर एन. रेंगास्वामी (चेन्नई) रहे।
वहीं ग्लोबल श्रेणी में अनुभवी रामकी कृष्णन विजेता बने। दूसरे स्थान पर हरीश कामथ (बेंगलुरु) और तीसरे स्थान पर समित कल्याणपुर (सिकंदराबाद) ने जगह बनाई।
क्या है ACAD QUAD प्रतियोगिता?
‘एकेड क्वाड (ACAD QUAD)’ एक ऑनलाइन दैनिक क्रॉसवर्ड प्रतियोगिता है, जो पूरे वर्ष आयोजित की जाती है। इसकी प्रतियोगी अवधि प्रत्येक वर्ष 1 फरवरी से 31 अक्टूबर तक रहती है। प्रतियोगिता का संचालन Cryptic Singh प्लेटफॉर्म के माध्यम से किया जाता है और इसमें चार अलग-अलग श्रेणियां शामिल हैं—
स्कूल
कॉलेज
सीनियर (60 वर्ष से अधिक आयु)
ग्लोबल (दुनिया भर के प्रतिभागियों के लिए)
भाग लेना है बिल्कुल मुफ्त
इस प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाता। इच्छुक प्रतिभागी वेबसाइट पर पंजीकरण कर पासवर्ड प्राप्त कर सकते हैं और रोजाना होने वाली प्रतियोगिता में हिस्सा ले सकते हैं। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को आकर्षक सरप्राइज गिफ्ट भी दिए जाते हैं।
धैर्य पांडे की यह उपलब्धि न केवल उनके स्कूल और परिवार बल्कि पूरे बिहार के लिए गर्व का विषय है। लगातार दो महीने राष्ट्रीय स्तर पर शीर्ष स्थान हासिल करना उनकी मेहनत, लगन और बौद्धिक क्षमता का प्रमाण है।

