पटना में स्वतंत्रता दिवस की तैयारियां तेज, गांधी मैदान में हाई अलर्ट; 13 विभागों की आकर्षक झांकियां होंगी मुख्य आकर्षण

0
125

Bihar News: राजधानी पटना के गांधी मैदान में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। प्रमंडलीय आयुक्त मयंक वरवड़े ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ तैयारियों का स्थल निरीक्षण किया और सभी व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान जिलाधिकारी कुंदन कुमार ने बताया कि समारोह को व्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के लिए पूरे गांधी मैदान को चार अलग-अलग जोन में विभाजित किया गया है। साथ ही मानसून को देखते हुए विशेष तैयारियां भी की जा रही हैं।

सुरक्षा, सफाई और सुविधाओं पर प्रशासन का विशेष फोकस

निरीक्षण बैठक में साफ-सफाई, जल निकासी, बैरिकेडिंग, पार्किंग, बिजली व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, प्राथमिक चिकित्सा, अग्निशमन, ध्वनि व्यवस्था और विधि-व्यवस्था जैसे सभी महत्वपूर्ण बिंदुओं की समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि समारोह से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त कर ली जाएं ताकि किसी भी प्रकार की परेशानी न हो।

CCTV निगरानी और हाईमास्ट लाइट से जगमगाएगा गांधी मैदान

प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए गांधी मैदान में अस्थायी थाना सक्रिय कर दिया है। पूरे मैदान और आसपास के इलाकों पर सीसीटीवी कैमरों से लगातार नजर रखी जाएगी। इसके अलावा हाईमास्ट लाइट और अतिरिक्त प्रकाश मीनारों की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जा रही है, जिससे पूरे समारोह स्थल पर पर्याप्त रोशनी बनी रहे।

बारिश से निपटने के लिए विशेष योजना

बारिश की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने जलभराव रोकने के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। संबंधित अधिकारियों को पर्याप्त संख्या में सक्शन मशीन उपलब्ध रखने और नालों की समय पर सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि समारोह के दौरान मैदान में पानी जमा न हो।

20 परेड टुकड़ियां दिखाएंगी अनुशासन की मिसाल

सार्जेंट मेजर ने जानकारी दी कि इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस परेड में 20 टुकड़ियां हिस्सा लेंगी। सभी दल नियमित रूप से पूर्वाभ्यास कर रहे हैं। वहीं वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा ने सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत योजना से प्रमंडलीय आयुक्त को अवगत कराया।

13 विभागों की झांकियां होंगी समारोह की खास पहचान

इस वर्ष आयोजित होने वाले राजकीय समारोह में 13 सरकारी विभागों की आकर्षक झांकियां प्रस्तुत की जाएंगी। इनमें पर्यावरण, सूचना एवं जनसंपर्क, बिहार शिक्षा परियोजना परिषद, जीविका, बिहार मौसम सेवा केंद्र, राज्य अग्निशमन, कृषि, नागरिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास निगम, कला एवं संस्कृति, उद्योग, विधि और ऊर्जा विभाग शामिल हैं।

प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिया है कि झांकियों को रचनात्मक, प्रभावशाली और आकर्षक बनाया जाए। साथ ही कलाकारों को नियमित रूप से पूर्वाभ्यास करने के भी निर्देश दिए गए हैं।

समय पर तैयारियां पूरी करने के निर्देश

प्रमंडलीय आयुक्त ने सभी विभागों के अधिकारियों से कहा कि स्वतंत्रता दिवस राज्य का सबसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय आयोजन है। इसलिए हर कार्य तय समयसीमा के भीतर पूरा किया जाए और प्रतिदिन तैयारियों की प्रगति की निगरानी की जाए। बैठक में उप विकास आयुक्त शुभम कुमार सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here