न्यूज़ डेस्क
दिल्ली के कथित शराब घोटाले में मनी लॉन्ड्रिंग केस में जेल में बंद संजय सिंह को आम आदमी पार्टी फिर से राज्य सभा में भेज रही है। पार्टी ने उन्हें फिर से नामांकित किया है। 27 जनवरी को संजय सिंह का कार्यकाल समाप्त हो रहा है। इस संबंध में, सिंह के हस्ताक्षर लेने की अनुमति के लिए दिल्ली के राउज एवेन्यू कोर्ट में एक आवेदन दायर किया। कोर्ट ने नामांकन के लिए फॉर्म और दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करने की अनुमति दे दी है। इसके साथ ही आप ने इस बार स्वाति मालीवाल को भी राज्यसभा में भेजने की तैयारी में है।
अदालत ने पारित एक आदेश में कहा, ‘यह निर्देशित किया जा रहा है कि यदि आरोपी के वकील द्वारा 6 जनवरी, 2024 को जेल अधिकारियों के समक्ष दस्तावेज प्रस्तुत किए जाते हैं, तो जेल अधीक्षक यह सुनिश्चित करेंगे कि उक्त दस्तावेजों पर आरोपी के हस्ताक्षर लेने की अनुमति दी जाए और उसे मिलने की भी अनुमति दी जाए।’
आवेदन में कहा था कि राज्यसभा के सदस्य के रूप में संजय सिंह का वर्तमान कार्यकाल 27 जनवरी को समाप्त हो रहा है और रिटर्निंग ऑफिसर ने चुनाव के संचालन के लिए 2 जनवरी को नोटिस जारी किया। इसके लिए नामांकन 9 जनवरी तक जमा किए जाने हैं। आवेदन में तिहाड़ जेल अधीक्षक को सिंह को दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करने की अनुमति देने का निर्देश देने की मांग की गई।
मनी लॉन्ड्रिंग रोधी एजेंसी ने सिंह को 4 अक्टूबर को गिरफ्तार किया था। ईडी ने आरोप लगाया है कि सिंह ने अब समाप्त हो चुकी उत्पाद शुल्क नीति के निर्माण और कार्यान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिससे कुछ शराब निर्माताओं, थोक विक्रेताओं और खुदरा विक्रेताओं को मौद्रिक लाभ हुआ।

