पटना (बीरेंद्र कुमार): बिहार में नौकरी के लिए आयोजित होने वाली परीक्षा का पेपर एक बार फिर से लीक हो गया। छात्रों का दावा है कि बीएसएससी तृतीय स्नातक परीक्षा के जो सवाल परीक्षा से पहले ही बाजार में आ गए थे, वे परीक्षा में पूछे गए सवालों से एकदम मिलते-जुलते थे। पेपर लीक होने की सूचना के बाद छात्र हंगामा करने लगे। बीएसएससी तृतीय स्नातक परीक्षा में लगभग 9 लाख से भी ज्यादा परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं। यह परीक्षा 8 साल बाद हो रही है।
इससे पहले यह परीक्षा 2014 में हुई थी। पहली पाली की परीक्षा शुरू होते ही परीक्षा के पेपर बाहर पहुंच गया। हालांकि अधिकारियों ने इसकी पुष्टि नहीं की है। लेकिन परीक्षा के बाद छात्रों के बवाल को देखते हुए इस परीक्षा पत्र के लीक कांड की जांच होने की बात कही जा रही है। इससे पहले बिहार में बीपीएससी 67 वीं की पीटी परीक्षा का प्रश्न पत्र लीक हुआ था ,जिसके चलते उस परीक्षा को रद्द करनी पड़ी थी।
परीक्षा शुरू होने के घंटे भर में ही लीक हो गया प्रश्न
बीएसएससी द्वारा आयोजित तृतीय स्नातक परीक्षा को दो पालीयों में संपन्न होना था। पहली पाली का समय सुबह 10:15 से 12:15 बजे तक थी। लेकिन 11:00 बजे के आसपास ही इस परीक्षा का प्रश्न पत्र बाहर चला गया और वायरल हो गया। बीपीएससी पेपर लीक मामले के बाद सक्रिय रुप से आंदोलन करने वाले छात्र नेता दिलीप कुमार ने बताया कि बिहार कर्मचारी चयन आयोग का पेपर लीक हुआ है। उनके पास 11:00 और 11:15 बजे के बीच ही यह प्रश्न पत्र आ गया और उसके बाद उन्होंने ही मीडिया और अधिकारियों को इसके क्लिप भेजे।
दिलीप ने बताया कि यह परीक्षा 10:00 से 12:15 तक होने थी।परीक्षा समाप्त होते ही उन्होंने बोरिंग रोड स्थित एन कॉलेज सेंटर से परीक्षा देकर बाहर आ रहे परीक्षार्थियों को लीक हुए प्रश्न दिखाते हुए पूछा कि क्या परीक्षा में यही सवाल आया था जो आउट हुआ है? इसपर परीक्षार्थियों ने कहा कि हां! ये हू ब हू वही प्रश्न हैं जो प्रश्न परीक्षा में आया है। इससे साफ जाहिर होता है कि सचिवालय सहायक की परीक्षा का पेपर लीक हो चुका है।
माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग
छात्र नेता दिलीप ने कहा कि 1 माह पहले उन्होंने अधिकारियों को बताया था कि सचिवालय सहायक की परीक्षा का पेपर लीक हो सकता है। माफिया सक्रिय हैं। लेकिन उनकी बातों पर ध्यान नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि बीपीएससी पेपर लीक के बाद से ही लगातार हम लोग सीबीआई जांच की मांग कर रहे हैं। आज एक बार फिर छात्रों के साथ धोखा हुआ है। उन्होंने प्रशासन से तत्काल इसकी जांच करने और माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।

