चुनाव से पहले शिवराज मंत्रिमंडल का विस्तार, तीन और विधायक बने मंत्री

0
89

बीरेंद्र कुमार झा

इस वर्ष के अब तक में मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राज्य विधानसभा चुनाव से कुछ महीने पहले शनिवार को भारतीय जनता पार्टी के तीन विधायकों को मंत्रियों के रूप में शामिल करके अपने मंत्रिमंडल का विस्तार किया है। इसके साथ ही शिवराज चौहान के नेतृत्व वाले मंत्रिमंडल में अब 34 सदस्य हो गए हैं।

राज्यपाल ने दिलाई शपथ

राज्य के राज्यपाल मंगूभाई पटेल ने सुबह करीब 9:00 बजे यहां राज भवन में तीन विधायकों को मंत्री पद की शपथ दिलाई पूर्व मंत्री, ब्राह्मण नेता और विंध क्षेत्र के रीवा से चार बार विधायक रहे राजेंद्र शुक्ला, महाकौशल क्षेत्र के बालाघाट से सात बार विधायक रहे एवं मध्य प्रदेश पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष गौरी शंकर बिसेन और बुंदेलखंड क्षेत्र में टीकमगढ़ जिले के खरगापुर से विधायक राहुल लोधी ने मंत्री पद की शपथ ली।

चुनाव में जातीय और क्षेत्रीय समीकरण साधने का प्रयास

राज भवन के एक अधिकारी ने बताया कि शुक्ला और बिसेन ने कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली है ,वहीं लोधी ने राज्य मंत्री के रूप में शपथ ली है। इन्हें अभी तक विभागों का आवंटन नहीं किया गया है। लोधी बीजेपी के वरिष्ठ नेता उमा भारती के भतीजे हैं। बिसेन और लोधी अन्य पिछड़ा वर्ग समुदाय से हैं जो मध्य प्रदेश की आबादी का 45% से अधिक है। शुक्ला के शामिल होने से विंध्य क्षेत्र के मंत्रियों की संख्या चार हो जाएगी जबकि बिसेन के आने से महाकौशल इलाके से दो तथा लोधी के शामिल होने से बुंदेलखंड से मंत्रियों की संख्या पांच हो जाएगी।

केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल के भाई जालम सिंह और बीजेपी अनुसूचित जाति मोर्चा के अध्यक्ष लाल सिंह आर्य के नाम भी चर्चा में थे, लेकिन वे कैबिनेट में जगह नहीं बना सके। मंत्रिमंडल के विस्तार के साथ बीजेपी ने 3 महीने से भी कम समय में होने वाले चुनाव से पहले मध्य प्रदेश में जातीय और क्षेत्रीय समीकरण को संतुलित करने की कोशिश की है। मध्य प्रदेश में पिछला विधानसभा चुनाव 28 नवंबर 2018 को हुआ था।

क्या बोले नवनियुक्त मंत्रीगण

शपथ लेने के बाद मध्य प्रदेश के नवनियुक्त मंत्री राहुल लोधी ने कहा कि पार्टी ने हम पर जो भरोसा जताया है, उसके लिए बुंदेलखंड में यथासंभव प्रयास करेंगे।अच्छा प्रदर्शन करने के लिए डेढ़ महीना काफी है। मुख्यमंत्री ने सही समय पर सही फैसला लिया है। हमारी प्राथमिकता होगी कि बुंदेलखंड को मजबूत किया जाए और उसके विकास के लिए काम किया जाए। दूसरे नवनियुक्त मंत्री गौरी शंकर बिसेन ने कहा कि हमारी प्राथमिकता प्रदेश का विकास और जनता का कल्याण होगा शपथ लेने वाले तीसरे मंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि हम निगरानी करेंगे और सुनिश्चित करेंगे कि सभी विकास कार्य और जनकल्याण योजनाएं नीचे तक पहुंचे।हम पार्टी के सभी अपेक्षाओं को पूरा करने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here