बीरेंद्र कुमार झा
विपक्षी गठबंधन के इंडिया नाम को लेकर रार अब तक थमी नहीं है। अब खबर है कि गठबंधन के कुछ बड़े दलों ने नाम में बदलाव कर साथ में कोई शब्द जोड़ने का सुझाव दिया है। कहा जा रहा है कि इसमें बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अगुवाई वाली पार्टी जनता दल यूनाइटेड और लालू प्रसाद यादव की अगुवाई वाली पार्टी राष्ट्रीय जनता दल शामिल है। हालांकि दोनों पार्टियों ने आधिकारिक तौर पर इसे लेकर कुछ नहीं कहा है।
खड़गे से मुलाकात कर दिया सुझाव
मीडिया सूत्रों के अनुसार गुरुवार को जेडीयू के राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह और आरजेडी के मनोज झा ने इंडिया के बाद फ्रंट शब्द जोड़ने का सुझाव दिया है। अगर इस पर सहमति बनी तो गठबंधन इंडिया फ्रंट कहलायेगा।इसमें खास बात यह है कि मानसून सत्र की कार्यवाही शुरू होने से पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के कमरे में हुई बैठक में यह सुझाव रखा गया है।
नाम बढ़ाए जाने के पीछे का तर्क
प्राप्त जानकारी के अनुसार विपक्ष के एक नेता ने कहा की नाम युवा और स्थिति बदल रही है। सुझाव यह है कि इंडिया के साथ कोई शब्द और जोड़ा जाना चाहिए। यह हर राज्य में अलग भी हो सकता है। जैसे बंगाल में इसे इंडिया मोर्चा और तमिलनाडु में इंडिया एलायंस कहां जा सकता है। इसके पीछे का तर्क यह है कि ऐसा करने से जनता को उसे समझने में आसानी होगी और कन्फ्यूजन कम होगा।
बेंगलुरु की बैठक में आया था नया नाम
प्राप्त खबर के अनुसार कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की ओर से इंडिया नाम का सुझाव दिया गया था। बाद में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की ओर से इस नाम का प्रस्ताव विपक्षी दलों के सामने रखा गया। कहा जा रहा है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और वाम नेता सीताराम येचुरी समेत कुछ नेता इस नाम। पर सहमति नहीं बना पा रहे थे।

