बीरेंद्र कुमार झा
मिशन 2024 को लेकर पटना में विपक्षी दलों के शीर्ष नेताओं का बड़ा जुटान आगामी 23 जून को होने जा रहा है।इस बैठक में जेडीयू,आरजेडी, कांग्रेस, टीएमसी, समाजवादी पार्टी, शिवसेना, एनसीपी और वाम दलों समेत कई अन्य सियासी दलों के दिग्गज नेता शामिल होंगे।इसे लेकर अब प्रदेश का सियासी पारा चढ़ने लगा है।बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने इस बैठक का जिक्र करते हुए बीजेपी पर हमला बोला है।
15 प्रमुख विपक्षी पार्टियां हिस्सा लेंगी बैठक में
बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने मीडिया से बातचीत के क्रम में कहा कि बीजेपी के लोग 2024 को लेकर डरे हुए हैं।पटना में 23 जून को होने वाली बैठक को लेकर उन्होंने कहा कि लगभग 15 पाटिया बैठक में आ रही हैं। तेजस्वी यादव ने कहा कि सभी पार्टियों से केवल प्रतिनिधि नहीं बल्कि खुद पार्टी के नेता भी आ रहे हैं ।
बैठक के बाद निकलेगा ठोस परिणाम
तेजस्वी यादव ने 23 जून की बैठक को लेकर कहा कि कांग्रेस की ओर से मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी दोनों आ रहे हैं इससे पहले बुधवार को जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह के साथ एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में तेजस्वी यादव ने कहा था कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और आरजेडी सुप्रीमो लालू यादव समेत सभी लोगों की कोशिश है कि अधिक से अधिक विपक्ष को गोलबंद करके साथ बैठकर रणनीति तय की जाए। इस बैठक के बाद एक ठोस परिणाम सामने आएगा।
बैठक में भाग लेने वाले प्रमुख नेतागण
उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव और जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए बताया कि पटना में 23 जून को विपक्षी दलों के नेताओं की बैठक होगी।इस बैठक में बिहार से महागठबंधन के नेताओं के अलावा कांग्रेस अध्यक्ष मलिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, शरद पवार, ममता बनर्जी, अखिलेश यादव ,अरविंद केजरीवाल,हेमंत सोरेन, उद्धव ठाकरे, एमके स्टालिन ,सीपीएम के सीताराम येचुरी, दीपक भट्टाचार्य और डी राजा शामिल होंगे।
12 जून को होनी थी बैठक
इस बैठक की तिथि पूर्व में 12 जून तय की गई थी,लेकिन इसे टालना पड़ा। जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने इसकी वजह बताते हुए कहा कि उस तिथि को यहां आने में कई नेताओं को असुविधा हो रही थी। इसलिए अब तय हो गया है कि 23 जून को पटना में विपक्षी दलों की बैठक होगी। इसके लिए सभी दलों की सहमति मिल गई है।

