बीरेंद्र कुमार झा
विपक्ष की सबसे बड़ी गठबंधन इंडिया की दो दिनों तक चली बैठक के बाद नेताओं ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस सम्मेलन की बड़ी बातों को बताया। विपक्षी गठबंधन इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव एलायंस (INDIA) ने गठबंधन की सर्वोच्च इकाई के रूप में शुक्रवार को 14 सदस्ययीय एक महत्वपूर्ण समिति गठित की, जिसमें कई दलों के प्रमुख नेता शामिल हैं।इसके आलावा 19 सदस्यीय चुनाव अभियान समिति, सोशल मीडिया से संबंधित 12 सदस्यीय कार्य समूह, मीडिया के लिए 19सदस्यीय कार्य समूह और शोध के लिए 11 सदस्यीय समूह गठित किया गया है।
सर्वोच्च इकाई के रूप में काम करेगी समन्वय समिति
समन्वय समिति गठबंधन की सर्वोच्च इकाई के रूप में काम करेगी। इस समिति में कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी गोपाल,राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रमुख शरद पवार, डीएम के नेता टीआर बालू, आरजेडी के नेता और बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव,तृणमूल कांग्रेस के महासचिव अभिषेक बनर्जी, झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता और झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, शिवसेना (यूबीटी)के नेता संजय राउत, आम आदमी पार्टी के सांसद राघव चड्ढा, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के डी राजा, नेशनल कांफ्रेंस के उमर अब्दुल्ला और पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी की महबूबा मुफ्ती शामिल है। इसमें जनता दल यूनाइटेड के अध्यक्ष ललन सिंह और समाजवादी पार्टी के सांसद जावेद अली खान को भी शामिल किया गया है। सीपीएम से कोई एक नेता बाद में इस समिति में शामिल होंगे। सूत्रों ने बताया कि आगामी लोकसभा चुनाव के लिए 30 सितंबर तक सीटों के तालमेल का काम पूरा कर लिया जाएगा।
एमके स्टालिन ने न्यूनतम साझा कार्यक्रम को बताया गठबंधन का चेहरा
डीएम के अध्यक्ष और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने शुक्रवार को विपक्षी गठबंधन इंडिया के साझेदारों से तुरंत एक न्यूनतम साझा कार्यक्रम (CMP) तैयार करने का आग्रह किया और कहां कि यह सीएमपी ही गठबंधन का चेहरा होगा। मुंबई में विपक्ष की बैठक को संबोधित करते हुए एमके स्टालिन ने कहा कि तुरंत एक समन्वय समिति गठित की जानी चाहिए और एक सीएमपी तैयार किया जाना चाहिए ।उन्होंने कहा कि यह सीएमपी विपक्षी गठबंधन इंडिया का चेहरा होगा। बीजेपी सरकार ने देश को कई तरीकों से बर्बाद कर दिया है।ऐसे में इस सीएमपी को लोगों के सामने एक खाका पेश करना चाहिए जिसमें यह बताया जाए कि बदलाव करने के लिए हमारा इरादा क्या है।
हम मित्र और परिवारवाद के खिलाफ लड़ेंगे:उद्धव ठाकरे
शिवसेना (यूबीटी) के प्रमुख उद्धव ठाकरे ने शुक्रवार को कहा कि विपक्षी दल सरकार की तानाशाही और मित्र तथा परिवारवाद के खिलाफ लड़ेंगे।विपक्षी गठबंधन इंडिया की बैठक के बाद ठाकरे ने कहाकि आज गठबंधन की तीसरी बैठक हुई। दिन-ब-दिन इंडिया मजबूत होता जा रहा है। उन्होंने कहाकि हमने तय किया है की हम तानाशाही के खिलाफ लड़ेंगे,हम जुमलेबाजी और भ्रष्टाचार के खिलाफ हैं। हम मित्र और परिवारवाद के खिलाफ लड़ेंगे। ठाकरे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि नारा दिया गया था कि सबका साथ सबका विकास, लेकिन जिन लोगों ने साथ दिया उनको लात और मित्रों का साथ है। हम यह मित्र और परिवारवाद चलने नहीं देंगे। उन्होंने कहा कि हम कहना चाहते हैं कि भयमुक्त भारत के लिए सभी एकजुट हो।
140 करोड़ जनता का गठबंधन :अरविंद केजरीवाल
आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि यह गठबंधन कुछ दलों का नहीं, बल्कि 140 करोड़ जनता का गठबंधन है। केजरीवाल ने अडानी समूह से जुड़े मामले का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया की पूरी केंद्र सरकार सिर्फ एक आदमी के लिए कम कर रही है। उन्होंने दावा किया कि केंद्र की मौजूदा सरकार सबसे भ्रष्ट और अहंकारी सरकार है।उन्होंने कहा कि वे हमारे गठबंधन में फूट डालने का प्रयास करते हैं और अगर इसमें कामयाब नहीं होते हैं तो यह प्रचारित करते हैं कि हमारे बीच मतभेद है। केजरीवाल ने भरोसा जताया कि यह गठबंधन केंद्र की नरेंद्र मोदी की सरकार को उखाड़ फेंकेगी।
अडानी के नाम पर राहुल गांधी ने नरेंद्र मोदी पर किया हमला
राहुल गांधी ने कहा कि गठबंधन में कई मतभेद थे, लेकिन जिस तरह से मतभेदों को दूर किया गया, उससे मैं बेहद प्रभावित हूं। हम चुनाव में बीजेपी को जरूर हरा देंगे। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि चीन ने हमारी जमीन हड़प ली है। उन्होंने कहा कि जब वे लद्दाख गए थे तो उन्होंने खुद से चीनियों को वहां देखा था।लद्दाख का स्थानीय लोगों ने भी बताया कि चीन पर पीएम झूठ बोल रहे हैं ।उन्होंने अडानी को लेकर पीएम मोदी पर जमकर हमला बोला और आरोपों के जांच की मांग कर दी। उन्होंने कहा कि यह सरकार जांच नहीं करती है तो यह स्पष्ट है कि यह सरकार एक आदमी के लिए का म कर रही है।।
समय से पहले भी हो सकते हैं चुनाव, हम हैं तैयार: नीतीश कुमार
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार को कहा कि आज इंडिया की तीसरी बैठक थी। बहुत अच्छे ढंग से बातचीत हुई है। अब नियमित रूप से जगह-जगह जाकर प्रचार प्रसार करेंगे। उन्होंने कहा कि कितनी ही पार्टियों एकजुट होकर काम कर रही है।यह इसी का नतीजा होगा कि अभी जो केंद्र की सत्ता में है अब वह हारेंगे। अब वह जाएंगे यह पक्का जान लीजिए।नीतीश ने कहा कि पटना से शुरू हुई बैठक के बाद यह सफर मुंबई पहुंचा है।लिहाजा वह चाहते हैं कि अब आगे का काम तेजी से हो।उन्होंने कहा कि हम लोगों ने तेजी से काम करने की शुरुआत कर दी है।कोई ठिकाना नहीं है ,चुनाव समय के पहले भी हो सकते हैं,इसलिए हम लोगों को भी सतर्क रहना पड़ेगा।
मीडिया पर सत्ता पक्ष का कब्जा: नीतीश कुमार
नीतीश कुमार ने आगे कहा कि इंडिया के बैनर तले समाज के हर तबके का उत्थान होगा। किसी की कोई उपेक्षा नहीं होगी। जनता दल यूनाइटेड के प्रमुख नीतीश कुमार ने सत्ताधारी बीजेपी पर सांप्रदायिक राजनीति करने का भी आरोप लगाया और कहा कि विपक्षी गठबंधन सबको लेकर आगे बढ़ेगा।उन्होंने कहा कि अभी तो मीडिया पर ही सत्ताधारी पार्टी का कब्जा है, लेकिन एक बार उनसे (वर्तमान केंद्र सरकार से) मुक्ति मिलेगी तो आप सब प्रेस वाले आजाद हो जाईयेगा।उन्होंने कहा कि फिर आपको जो उचित लगेगा वही लिखिएगा, वहीं बोलिएगा।यह बहुत जरूरी है।

