न्यूज़ डेस्क
मुंबई में विपक्षी एकता इंडिया की बैठक में सभी नेताओं को बोलने का मौका दिया गया। सबने अपनी बात रखी भी। सबने एकता की बात की और मिलकर चुनाव लड़ने का इरादा भी जताया। सबने इस बात पर भी सहमति जताई कि सीट बंटवारे को लेकर कोई पेंच नहीं है। सब कुछ जल्द ही साफ़ ही जायेगा। इसके बाद राहुल गाँधी ने कहा कि इंडिया अलायंस के मंच पर देश की 60 फीसदी आबादी का प्रतिनिधित्व करने वाले नेता हैं। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी आबादी का प्रतिनिधित्व साथ हो तो बीजेपी किसी हाल में चुनाव नहीं जीत सकती है। उन्होंने कहा कि कुछ अच्छे कदम इस बैठक में उठाए गए हैं जिनमें कोआर्डिनेशन कमेटी बनाना और अन्य उप समितियां बनाना था। उन्होंने कहा कि हम जल्द से जल्द सीटों के बंटवारे पर फैसला लेंगे।
राहुल गांधी ने अडानी पर हुए ताजा खुलासे और लद्दाख में चीन की घुसपैठ का मुद्दा फिर से उठाया। राहुल गांधी ने कहा कि बीजेपी हिंदुस्तान के लोगों का पैसा छीनकर अपने चहेते दो तीन लोगों को देती है। उन्होंने कहा कि, “मैंने कल भी प्रेस कांफ्रेंस की थी, पीएम और एक बिजनेसमैन के बीच का नेक्सस सबको दिख रहा है, जब जी-20 हो रहा है तो हमारे देश की साख पर बट्टा लग रहा है…पीएम को इस बारे में स्पष्ट करना होगा।” उन्होंने कहा कि हम लोगों के सामने स्पष्ट विचार रखेंगे ौर देश की तरक्की में गरीबों को फिर से भागीदार बनाएंगे।
उन्होंने कहा कि वे हाल ही में लद्दाख में थे और वहां के आम लोगों और गड़ेरियों से बातचीत में स्पष्ट हुआ है कि चीन ने निश्चित रूप से हमारी जमीन कब्जाई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने लद्दाख के लोगों से और देश के लोगों से झूठ बोला है कि किसी ने कोई कब्जा नहीं किया है। राहुल गांधी ने कहा कि, “मैं सप्ताह भर लद्दाख में था, मैंने पेंगोंग लेक का भी दौरा किया जहां चीनी थे। मैंने वहां के लोगों से बातचीत की। उन लोगों ने साफ बताया कि चीन ने भारत की जमीन पर कब्जा किया है।”
राहुल गांधी ने कहा कि सीमा पर बदलाव साफ नजर आ रहा है। मवेशी चराने वाले पहले जहां जा सकते थे, अब नहीं जा पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह बेहद शर्म की बात है।
मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि बेंगलुरु के बाद मुंबई में हमारी बैठक हुई। हम सबका उद्देश्य एक ही है कि महंगाई, बेरोजगारी के लिए हम कैसे लड़ें। मैं कह सकता हूं कि मोदी जी कभी गरीबों के लिए काम नहीं करेंगे। कल राहुल गांधी ने एक रिपोर्ट दिखाई कि कैसे अदानी की आमदनी बढ़ गई है। हमारा जो संकल्प है हम उसी आधार पर काम करेंगे, हर जगह बैठक करेंगे और हर राज्य की राजधानी में जाएंगे। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि मोदी सरकार गरीबों के खिलाफ काम करती है। पीएम मोदी पहले 100 रुपये बढ़ाते हैं, और फिर दो रुपये कम कर देते हैं। पहले उन्होंने एलपीजी का दाम दोगुना कर दिया, फिर दो सौ रुपये कम कर दिए। महंगाई, बेरोजगारी के खिलाफ हमें मिलकर लड़ना है। ईडी- सीबीआई का दुरुपयोग किया जा रहा है। संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग किया जा रहा है।
लोकसभा के आगामी सत्र को बुलाने पर भी खड़गे ने मोदी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जब-जब संकट आया तब कभी स्पेसल सत्र नहीं बुलाया गया। मणिपुर जल रहा है, लेकिन उस पर कभी सत्र नहीं बुलाया गया। अचानक ये सत्र बुलाया गया है। सत्र बुलाने का एजेंडा किसी को पता नहीं है। देश धीरे-धीरे तानाशाही की ओर बढ़ रहा है। वे छोटा-मोटा घालमेल नहीं कर रहे, उनके घोटाले अद्रश्य हैं। कैग रिपोर्ट बता रही है कि करोड़ों के घोटाले हुए हैं।
आदित्य ठाकरे ने कहा कि बैठक के दौरान तीन प्रस्ताव पारित किए गए हैं। जुड़ेगा भारत जीतेगा भारत इंडिया गठबंधन की थीम रहेगी। पहला, हम इंडिया ‘ पार्टियां जहां तक संभव हो सके आगामी लोकसभा चुनाव एक साथ लड़ने का संकल्प लेते हैं। विभिन्न राज्यों में सीट-बंटवारे की व्यवस्था शुरू की जाएगी। तुरंत और जल्द से जल्द देने और लेने की सहयोगात्मक भावना के साथ संपन्न। दूसरा, हम इंडिया दल सार्वजनिक चिंता और महत्व के मुद्दों पर देश के विभिन्न हिस्सों में जल्द से जल्द सार्वजनिक रैलियां आयोजित करने का संकल्प लेते हैं। तीसरा, हम इंडिया की पार्टियां इसके द्वारा विभिन्न भाषाओं में ‘जुडेगा भारत, जीतेगा इंडिया’ की थीम पर हमारी संबंधित संचार और मीडिया रणनीतियों और अभियानों का समन्वय करने का संकल्प लिया गया है।
नीतीश कुमार की भी बारी आई। उन्होंने कहा कि इस तीसरी बैठक में बी बहुत अच्छे ढंग से बातचीत हुई। हम जगज -जगह जाकर प्रचार करते रहेंगे। जो अब केंद्र में हैं वो अब हारेंगे। वो अब जायेंगे। नीतीश ने कहा ये काम काम करते हैं और छपता है ज्यादा। ये लोग देश के इतिहास को बदलना चाहते हैं। बिना कुछ किये ही उनके काम की तारीफ की जा रही है। हमने आज ही तय कर लिया है कि अभी से तेजी से काम शुरू कर देंगे। कोई ठिकाना नहीं है ,चुनाव समय से पहले भी हो सकता है। इसलिए हमलोगों को अलर्ट रहना होगा।
उद्धव ठाकरे ने कहा कि हमारी एकता से विरोधियों में घबराहट है। इंडिया मजबूत होता जा रहा है। भयमुक्त भारत के लिए सबलोग इकट्ठे हो रहे हैं। चुनाव में तानाशाही और भ्रष्टाचार से हम लड़ेंगे। इंडिया गठबंधन की जीत होगी। उधर तमिलनाडु के सीएम स्टालिन ने कहा कि अब जल्द ही एक सीएमपी तैयार करने की जरूरत है। बीजेपी सरकार ने देश को बर्बाद कर दिया है। ऐसे में सीएमपी के जरिये हम क्या करना चाहते हैं यह देश के लोगों के सामने होना चाहिए।
दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल भी खूब बोले। उन्होंने कहा कि ये लोग खुद को भगवान् से भी बड़ा मानते हैं। और जब कोई भी जब खुद को भगवान् से बड़ा मानता है तो उसका पतन हो जाता है। अब इंडिया गठबंधन इस सरकार के पतन का कारण होने जा रहा है। यहाँ जितने लोग आये ऐन सब देश बचाने के लिए आये हैं। कोई पद के लिए नहीं आये हैं। केजरीवाल ने कहा कि यह पार्टियों का गठबंधन नहीं ,यह देश के 140 करोड़ लोगों का गठबंधन है।
उन्होंने कहा इंडिया कुछ पार्टियों का गठबंधन नहीं, यह 140 करोड़ भारतीयों का गठबंधन है जो नया भारत बनाना चाहते हैं। इस गठबंधन में कोई भी किसी पद के लिए शामिल नहीं हुआ है, हम 140 करोड़ भारतीयों के लिए एक साथ आए हैं। केंद्र में इतनी अहंकारी सरकार कभी नहीं रही, उनका अहंकार उन्हें नीचे ले आएगा।


- Advertisement -