मोतिहारी: पूर्वी चंपारण पुलिस की पहल ‘ऑपरेशन मुस्कान’ एक बार फिर लोगों के चेहरों पर खुशी लेकर आई है। पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने तकनीकी और वैज्ञानिक जांच के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 108 खोए और चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इन मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान बरामद मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे गए। लंबे समय से अपने मोबाइल वापस मिलने की उम्मीद छोड़ चुके लोगों के लिए यह किसी बड़ी राहत से कम नहीं था।
छात्रों से लेकर किसानों तक को मिला फायदा
पुलिस के अनुसार जिन लोगों को मोबाइल लौटाए गए उनमें 23 विद्यार्थी, 5 गृहिणियां, 1 किसान, 2 सरकारी कर्मचारी, 13 व्यवसायी, 5 निजी क्षेत्र के कर्मचारी, 2 अधिवक्ता, 2 ईश्वर सेवक, 9 मजदूर तथा अन्य वर्गों के लोग शामिल हैं।
20 चरणों में अब तक 1965 मोबाइल बरामद
मोतिहारी पुलिस ने बताया कि ऑपरेशन मुस्कान के तहत अब तक कुल 20 चरणों में 1965 मोबाइल फोन बरामद किए जा चुके हैं। इन मोबाइलों की कुल कीमत लगभग 3 करोड़ 85 लाख 61 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस ने सभी बरामद मोबाइल उनके असली मालिकों को सौंप दिए हैं।
CEIR पोर्टल की मदद से मिली सफलता
इस अभियान में CEIR Portal की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस के अनुसार 108 मोबाइलों में से 97 मोबाइल CEIR पोर्टल के माध्यम से ट्रेस और रिकवर किए गए, जबकि 21 मोबाइल ऑपरेशन मुस्कान की विशेष कार्रवाई के तहत बरामद हुए।
पुलिस ने लोगों से की अपील
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल खोने या चोरी होने की स्थिति में तुरंत शिकायत दर्ज कराएं। इसके लिए पुलिस कंट्रोल रूम नंबर 9470248818 पर संपर्क किया जा सकता है या CEIR पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन शिकायत दर्ज की जा सकती है।

