बीरेंद्र कुमार झा
मध्य प्रदेश,राजस्थान और छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के हाथ लगी करारी हार ने इंडिया गठबंधन के एकता की कलई को खोल कर रख दिया है। कॉन्ग्रेस जहां एमपी में बीजेपी को सत्ताच्युत कर अपनी सरकार बनाने के बड़े – बड़े दावे कर रही थी,वहीं कांग्रेस राजस्थान तथा छत्तीसगढ़ तक में अपनी सरकार बचाने में भी कामयाब नहीं हो पाई।मध्य प्रदेश में तो इसके जीत के ख्वाब,ख्वाब तक में ही सिमटे रह गए और वहां बीजेपी ने कांग्रेस को वहां जबरदस्त चुनावी पटकनी दे दी।कांग्रेस की इस हार पर अब इंडिया गठबंधन ने उसे नसीहत दी है। समाजवादी पार्टी ने इसे घमंड की हार कहा तो जेडीयू बोली कि यह इंडिया गठबंधन की नहीं,बल्कि अकेले कांग्रेस की हार है। यह पार्टी अकेले चुनाव नहीं जीत सकती है।
एमपी,राजस्थान और छत्तीसगढ़ में बीजेपी रही कामयाब
एमपी,राजस्थान और छत्तीसगढ़ में बीजेपी ने बंपर जीत के साथ हिंदी बेल्ट में अपनी पकड़ और मजबूत कर ली है। 2024 लोकसभा चुनाव से पहले बीजेपी के लिए यह जीत उसकी हैट्रिक के लिए एक उम्मीद की किरण बनकर सामने आई है। रविवार देर शाम तीन राज्यों में जीत के बाद पीएम मोदी ने इसे 2024 लोकसभा चुनाव का संकेत बताया तो इंडिया गठबंधन पर निशाना साधने से भी नहीं चुके।
क्या बोले पीएम मोदी और राहुल गांधी
तीन राज्यों में मिली जीत पर पीएम मोदी ने कहा कि मेरी कांग्रेस और उसके साथियों को सलाह है कि वे ऐसी राजनीति न करें जो देश विरोधी हो और जिससे देश कमजोर होता हो ।उधर राहुल गांधी ने हिंदी बेल्ट के तीनों राज्यों में मिली करारी हार को स्वीकार करते हुए बीजेपी के विरुद्ध अपनी लड़ाई जारी रखने की बात कही।उन्होंने ट्वीट में कहा कि हम जनादेश को विनम्रता से स्वीकार करते हैं,लेकिन बीजेपी के साथ हमारी विचारधारा की लड़ाई जारी रहेगी।
इंडिया गठबंधन में किसने क्या कहा
तीन राज्यों में कांग्रेस को मिली करारी हार पर इंडिया गठबंधन का गुस्सा फूटा है। अखिलेश यादव की पार्टी समाजवादी पार्टी ने इसे कांग्रेस के घमंड की हार बताया।गौरतलब है कि मप्र विधानसभा चुनाव से पहले अखिलेश यादव और कमलनाथ में सीट बंटवारे को लेकर काफी गहमागहमी सामने आई थी।
उधर नीतीश कुमार की पार्टी जेडीयू ने भी कांग्रेस की इस हार पर नमक छिड़का है। जेडीयू ने कहा कि यह हार इंडिया गठबंधन की नहीं, बल्कि सिर्फ और सिर्फ कांग्रेस की हार है।इस हार से यह भी साफ हो गया है कि कांग्रेस पार्टी अकेले चुनाव लड़कर जीत भी नहीं सकती है । हालंकि कांग्रेस ने विधान सभा चुनाव होने वाले 5 राज्यों में से एक तेलंगाना में सरकार बनाने लायक जीत हासिल कर ली है।

