अब बिना धूप घर के अंदर बनेगी बिजली,जानें क्या है’ड्रैकुला’सोलर तकनीक और यह कैसे करती है काम?

0
1

सोलर पैनल का नाम सुनते ही हम सभी के दिमाग में छतों पर लगे सोलर प्लेट की छवि उभर आती है ।लेकिन क्या आपने कभी ऐसे सोलर पैनल के बारे में सुना है, जो घरों के अंदर लगाए जा सकते हैं। इनकी खासियत है कि ये बिना सूरज को देखे भी बिजली बना सकते हैं। दरअसल फ्रांस की ड्रैकुला टेक्नोलॉजी नाम की कंपनी ने ऐसी अनोखी तकनीक तैयार की है। साल 2012 में शुरू हुई इस कंपनी ने एक बेहद पतली और लचीली ऑर्गेनिक फोटोवोल्टिक तकनीक बनाई है।

इससे घर के अंदर मौजूद रोशनी से छोटे इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के लिए बिजली बनाई जा सकती है। इस तकनीक को लेकर एक्सपर्ट्स का दावा है कि यह तकनीक भविष्य में डिस्पोजेबल बैटरियों की जरूरत को खत्म कर सकती है।

साधारण सोलर पैनल से बिजली बनाने के लिए तेज धूप की जरूरत होती है लेकिन ड्रैकुला टेक्नोलॉजीज ने ऐसे सोलर पैनल तैयार किए हैं, जिन्हें बिजली बनाने के लिए धूप की जरूरत नहीं होती। इसी वजह से इसका नाम ड्रैकुला रखा गया है।

यह तकनीक आपके घर में आने वाली रोशनी या घर में मौजूद लाइटों से निकलने वाली रोशनी से बिजली बना सकती है। इस तकनीक से उन छोटे उपकरणों को लगातार पावर सप्लाई की जा सकती है, जो कि अभी बैटरी पर चलते हैं।

इस ड्रैकुला तकनीक को बनाए जाने का तरीका भी बेहद खास है। कंपनी इसे कार्बन-आधारित ऑर्गेनिक पॉलीमर की नैनो-परतों का इस्तेमाल करके डिजिटल प्रिंटिंग के जरिए तैयार करती है।
इसे तैयार किए जाने में किसी तरह की दुर्लभ धातु या भारी और जहरीले तत्वों का इस्तेमाल नहीं होता है। कहने का मतलब है कि यह तकनीक तैयार होने के लिहाज से भी पूरी तरह से पर्यावरण के अनुकूल है। इसका एक सबूत यह भी है कि यह तकनीक RoHS और REACH जैसे कड़े सुरक्षा मानकों पर खरी उतरती है।
इसके अलावा डिजिटल प्रिंटिंग के जरिए तैयार होने की वजह से इन मॉड्यूल को किसी भी आकार या घुमावदार सतह पर फिट होने के लिए तैयार किया जा सकता है।

यह तकनीक हमारे आसपास मौजूद उन तमाम उपकरणों को बदलकर रख सकती है, जो फिलहाल डिस्पोजेबल बैटरियों पर काम करते हैं। ये बैटरियां खराब होने के बाद ई-वेस्ट बढ़ाती हैं और इनमें मौजूद जहरीले तत्व पर्यावरण के लिए भी खतरनाक साबित होते हैं। ड्रैकुला टेक्नोलॉजी का मकसद इस तरह के छोटे-छोटे उपकरणों या इंटरनेट ऑफ थिंग्स सिस्टम से बैटरियों को पूरी तरह से खत्म करना है।

इस तकनीक की मदद से आने वाले समय में छोटे उपकरणों को बिना बार-बार बैटरी बदले इस्तेमाल में लिया जा सकेगा। इस तकनीक के जरिए उपकरणों को बिना बैटरी के आत्मनिर्भर बनाया जा सकता है, जिससे बार-बार बैटरी बदलने का झंझट और रखरखाव का खर्च दोनों बचते हैं।

इस तकनीक को स्मार्ट घरों, दफ्तरों और बाजारों में भी इस्तेमाल किया जा सकता है। स्मार्ट घरों या बिल्डिंग्स में इसका इस्तेमाल टीवी के रिमोट कंट्रोल, थर्मोस्टेट, स्मार्ट डोर लॉक और सामान को ट्रैक करने वाले गैजेट्स के साथ किया जा सकेगा।

इसके साथ ही पर्यावरण की निगरानी करने वाले सेंसर जैसे कार्बन डाइऑक्साइड सेंसर, स्मार्ट कैमरे और दुकानों में कीमत दिखाने वाले इलेक्ट्रॉनिक शेल्फ लेबल भी इस तकनीक से बिना बैटरी के सालों-साल काम कर पाएंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here