जेडीयू के नेताओं का वक्तव्य ,’ इंडिया ‘ में नीतीश कुमार जैसा नहीं है कोई पीएम उम्मीदवार

0
100

बीरेंद्र कुमार झा

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एक अणे मार्ग स्थित आवास पर जेडीयू के पूर्व सांसदों और विधायकों से मुलाकात की। मुलाकात के बाद पत्रकारों से बातचीत में जेडीयू के कई पूर्व विधायक और सांसदों ने कहा कि विपक्षी गठबंधन’ इंडिया’ में नीतीश कुमार से बेहतर पीएम प्रत्याशी कोई नहीं है। पूर्व मंत्री मंजूर आलम ने कहा हम चाहते हैं कि नीतीश कुमार जी को प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार बनाया जाए। अगर ऐसा होता है तो इंडिया को जीतने में काफी मदद मिलेगी।पूर्व सांसद छोटेलाल राय ने भी ऐसी ही राय व्यक्त की । हालांकि सूची में नाम नहीं होने से श्री राय की नीतीश कुमार से मुलाकात नहीं हो सकी।

कई पूर्व सांसदों और विधायकों से मिले नीतीश कुमार

पूर्व विधायक श्याम बिहारी प्रसाद, पूर्व सांसद कैलाश बैठा समेत बड़ी संख्या में नेताओं ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात की।सभी पूर्व सांसदों और विधायकों को शनिवार कोई ही मुख्यमंत्री से मिलने को लेकर संदेश भेजा गया था। कथा शिल्पी फणीश्वर नाथ रेणु के पुत्र एवं पूर्व विधायक पद्म पराग रेनू ने नीतीश कुमार से मुलाकात के बाद कहा बैठक अच्छी रही और चुनाव से जुड़े मामले के साथ साथ चुनावी मुद्दे पर मुख्यमंत्री जी से बातचीत हुई। जेडीयू के पूर्व विधायक मीना देवी ने कहा कि उनकी मुलाकात अच्छी रही,अपने क्षेत्र के बारे में मुख्यमंत्री जी को बताया। पूर्व विधायक शिवाजी राय ने बताया कि चुनाव पूर्व क्षेत्र की स्थित से मुख्यमंत्री को अवगत करवा दिया गया है।

लोकसभा चुनाव के मद्देनजर खास है यह बैठक

नीतीश कुमार की पूर्व सांसदों और पूर्व विधायकों के साथ हुई इस बैठक को लोकसभा चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर बेहद खास माना जा रहा है। इसके पहले मुख्यमंत्री ने जेडीयू के सांसदों,विधायकों व मंत्रियों से मुलाकात की थी। माना जा रहा है कि जल्दी ही वे पार्टी के जिला अध्यक्षों के साथ बैठक कर सकते हैं। पार्टी सूत्रों के मुताबिक नीतीश कुमार ने पूर्व सांसद विधायक व विधान परिषद से कई मुद्दों पर उनकी राय जानी और जरूरी निर्देश दिए।

नेताओं को नीतीश ने दिए कई निर्देश

पूर्व सांसदों और विधायकों ने कहा की मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उनसे यह जानने का प्रयास किया कि उनके यहां जमीनी स्तर पर क्या राजनीतिक हालात है? जनता की राज्य सरकार के कामकाज पर क्या राय हैं? उनके क्षेत्र में क्या-क्या समस्याएं हैं? कहां-कहां और ध्यान देने की जरूरत है? राज्य की योजनाएं जमीन पर कितनी सफल हैं? क्षेत्रों में पार्टी की स्थिति क्या है और 2024 के चुनाव को लेकर क्या तैयारियां चल रही है? इन तमाम मुद्दों पर मुख्यमंत्री ने इन लोगों के साथ राय- मशवरा किया और उनकी राय जानी। मुख्यमंत्री ने नेताओं से कहा कि लोगों तक सरकार की नीतियों और कार्यक्रमों को पहुंचाएं और पार्टी संगठन को मजबूत करने का काम करें। विकास के काम में समस्या होने पर तुरंत उन्हें इसकी जानकारी दें।समस्याओं का समाधान होगा।मुख्यमंत्री ने सामाजिक सौहार्द बनाए रखने में बड़ी भूमिका निभाने का भी निर्देश भी इन नेताओं को दिया।

एक अगस्त से निकलेगी जेडीयू की भाईचारा यात्रा

जेडीयू 1 अगस्त से प्रदेश में ‘ कारवां ए इत्तेहाद व भाईचारा यात्रा’ निकालेगा ।यह यात्रा ‘ अपने तारीफ को बचाएं ,नीतीश कुमार के साथ आएं ‘ स्लोगन के साथ निकलेगी।यह यात्रा पश्चिम चंपारण से शुरू होगी और शेखपुरा में खत्म होगी। प्रदेश जदयू अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने बताया कि यह यात्रा 1 अगस्त से 6 सितंबर तक 3 चरणों में राज्य के 26 जिलों से गुजरेगी।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here