बीरेंद्र कुमार झा
देश आज 77 वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। इस मौके पर पटना के ऐतिहासिक मैदान में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने झंडोत्तोलन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने समारोह में शामिल लोगों और राज्य की जनता को संबोधित करते हुए कई बड़ी घोषणाएं की। उन्होंने अपने भाषण में राज्य की जनता, नियोजित शिक्षक और रोजगार से जुड़ी घोषणा की।
अस्पतालों का होगा विस्तार
77 वें स्वतंत्रता दिवस समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य में हो रही स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के बारे में बताया कि राज्य के मरीजों को बेहतर इलाज की सुविधा मिले,इसलिए पीएमसीएच और डीएमसीएच के अलावा एनएमसीएच, एसकेएमसीएच और एएनएमसीएच का भी विस्तार किया जाएगा।इन अस्पतालों की क्षमता 2500 बेड की होगी। इस पर जल्दी ही काम शुरू होगा, ताकि राज्य की जनता जल्द से जल्द इसका लाभ ले सके।
सहरसा में खुलेगा मेडिकल कॉलेज
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि इस वक्त राज्य में 11 मेडिकल कॉलेज हैं।इसके साथ ही 13 अन्य मेडिकल कॉलेजों का भी निर्माण हो रहा है। उन्होंने कहा कि भविष्य में राज्य के सभी जिला में मेडिकल कॉलेज खोलने का लक्ष्य है। इसके साथ ही उन्होंने सहरसा में भी मेडिकल कॉलेज खोलने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि सहरसा में मेडिकल कॉलेज खुलने से सभी प्रमंडल में मेडिकल कॉलेज खोलने का लक्ष्य पूरा हो जाएगा।
अगले साल तक 10 लाख सरकारी नौकरी देने का लक्ष्य होगा पूरा
नीतीश कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य में साढ़े 3 लाख से अधिक नए पदों का सृजन किया गया है। इसमें से डेढ़ लाख पदों पर नियुक्ति हो चुकी है। उन्होंने बताया कि 10 लाख सरकारी नौकरी देने के लक्ष्य को राज्य सरकार अगले वर्ष तक पूरा कर लेगी। इसके अलावा रोजगार के अवसर भी मुहैया कराए जाएंगे।
शिक्षक नियुक्ति के बाद नियोजित शिक्षकों को लेकर फैसला
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य में कार्यरत लगभग 3 लाख 80 हजार नियोजित शिक्षकों को लेकर भी ऐलान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षक नियुक्ति प्रक्रिया पूरी हो जाने दीजिए। इसके बाद पहले से नियोजित शिक्षकों के लिए कुछ अच्छा फैसला लेंगे। अभी इससे संबंधित कई मुद्दों पर विचार- विमर्श मl चल रहा है। उन्होंने कहा कि नियोजित शिक्षकों को ₹4000 मिलता था जिसे अब 40000 तक पहुंचा दिया गया है।
अच्छा काम करने वाले शिक्षकों को मिलेगा बेहतर अवसर
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के स्कूलों में शैक्षणिक माहौल बनाने के लिए लगातार काम किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जो शिक्षक अच्छा काम करेंगे, बच्चों को अच्छे से पढ़ाएंगे,उन्हें अच्छा अवसर मिलेगा। वही कक्षाओं से अनुपस्थित रहने वाले शिक्षकों पर कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने कहा कि स्कूलों के आधारभूत संरचना को बेहतर करने के लिए भी काम हो रहा है।
किसानों को मुफ्त बीज, डीजल अनुदान व 16 घंटे बिजली
राज्य के किसानों को लेकर मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा जिन जिलों में कम बारिश की वजह से किसानों को पटवन में दिक्कत हो रही है, वहां डीजल अनुदान की राशि बटेगी।इसके साथ ही किसानों को आकस्मिक खेती के लिए बीज भी मुफ्त दिया जाएगा ।उन्होंने कहा कि राज्य के किसानों के लिए 16 घंटे बिजली आपूर्ति करने का निर्देश दिया गया है।
कृषि रोड मैप से सुधरेगी किसने की स्थिति
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कृषि रोड मैप को लेकर कहा कि राज्य में 3 कृषि रोडमैप के बाद किसानों की स्थिति काफी सुधरी है। उन्होंने कहा कि राज्य में इस इथेनॉल का उत्पादन बढ़ाने से मक्का किसानों को काफी लाभ हो रहा है। राज्य में कृषि रोडमैप की वजह से कई फसल का उत्पादन दोगुना हो गया है।
धार्मिक स्थलों की सुरक्षा के लिए होगा काम
राज्य के धार्मिक स्थलों की सुरक्षा की घोषणा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मंदिरों की संपत्ति की रक्षा हो सके इसलिए मंदिरों की चारदीवारी की भी व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने कहा की सरकार सभी धर्म के लोगों का सम्मान करती है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि राज्य भर में कब्र गांव की चार दिवारी बड़े पैमाने पर कराई गई है।
जाति गणना से योजना बनाने में मिलेगी मदद
राज्य में हो रही जाति गणना को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बताया कि गिनती का कार्य अब अपने अंतिम चरण में है। इससे राज्य की लोगों की आर्थिक स्थिति का भी जायजा लिया जाएगा, जिससे उन लोगों के लिए योजना बनाने में मदद मिलेगी, जिनकी आर्थिक स्थिति खराब है।
बिहार को मिले विशेष राज्य का दर्जा
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को जहां भी मौका मिलता है, वे बिहार के लिए विशेष राज्य की मांग कर देते हैं।गांधी मैदान में भी उन्होंने कहा कि बिहार को विशेष राज्य का दर्जा मिलने पर हम और तरक्की करते।सीमित संसाधनों के बावजूद बिहार ने हर क्षेत्र में बेहतर काम किया है।
