बीरेंद्र कुमार झा
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार शरीफ और सासाराम में रामनवमी जुलूस के दौरान हुई घटना के उपद्रवियों की पहचान कर उन पर सख्त से सख्त कार्रवाई करने का निर्देश अधिकारियों को दिया है। उन्होंने कहा है कि किसी भी परिस्थिति में कोई गड़बड़ी नहीं कर पाए, इस बात पर विशेष नजर रखा जाए। विधि व्यवस्था पूरी तरह से मेंटेन रखें, अफवाह फैलाने वालों पर विशेष रुप से नजर रखें। मुख्यमंत्री ने रामनवमी जुलूस के दौरान बिहार शरीफ में हुई घटना में मृत व्यक्ति के पिता और भाई से दूरभाष पर बात कर अपनी संवेदना व्यक्त की और घटना की पूरी जानकारी ली। इसके साथ ही मृत व्यक्ति के निकटतम परिजन को मुख्यमंत्री राहत कोष से ₹5 लाख का अनुग्रह अनुदान देने का निर्देश दिया।
मुख्यमंत्री ने की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक
रामनवमी और उसके बाद रुक रुक कर बिहार शरीफ से आ रही हिंसा की खबर को देखते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रविवार को इस मामले को लेकर उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की। इस बैठक का आयोजन एक अणे मार्ग स्थित संकल्प में किया गया था।इस बैठक में मुख्यमंत्री के अलावा उनके प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव आमिर सुबहानी ,पुलिस महानिदेशक आर एस भट्टी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ एस सिद्धार्थ सहित कई वरीय पुलिस अधिकारी उपस्थित थे।
मीडिया को दें जानकारी ताकि भ्रम न फैले
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक को निर्देश देते हुए कहा कि सभी जिलों के जिलाधिकारियों एवं पुलिस अधीक्षकों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अविलंब पूरी जानकारी लें। प्रेस वार्ता कर मीडिया को वस्तुस्थिति की जानकारी दें, ताकि किसी प्रकार का कोई अफवाह नहीं फैल सके, और लोग भ्रमित नहीं हों। अधिकारियों को निर्देश देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस और प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट रहे, पूरी मुस्तैदी बनाए रखे और सभी चीजों पर लगातार नजर बनाए रखे।इससे पहले मुख्यमंत्री ने पटना प्रमंडल के आयुक्त, शाहाबाद रेंज के पुलिस उपमहानिरीक्षक, रोहतास थाना के जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक से बात कर वस्तुस्थिति की जानकारी ली।बैठक में मुख्य सचिव एवं पुलिस महानिदेशक आरएस भट्टी ने बिहार सासाराम में रामनवमी जुलूस की घटना को लेकर मुख्यमंत्री को विस्तृत जानकारी दी।

