NEET 2026 Re-Exam के लिए बिहार सरकार का मेगा प्लान, Air Force से पहुंचेगा प्रश्नपत्र; अफवाह फैलाने वालों की होगी गिरफ्तारी

0
2

NEET UG 2026 Re Exam : 21 जून 2026 को आयोजित होने वाली NEET (UG) 2026 पुनर्परीक्षा को पूरी तरह कदाचार-मुक्त और सुरक्षित बनाने के लिए बिहार सरकार ने अभूतपूर्व तैयारी की है। मुख्यमंत्री की उच्च स्तरीय समीक्षा के बाद अब मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत और पुलिस महानिदेशक विनय कुमार ने संयुक्त बैठक कर अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी किए हैं। सरकार ने साफ कर दिया है कि परीक्षा संचालन में किसी भी तरह की लापरवाही या गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Air Force के जरिए पहुंचेगा प्रश्नपत्र

इस बार परीक्षा की गोपनीयता और सुरक्षा को और मजबूत बनाने के लिए भारतीय वायु सेना (IAF) और डाक विभाग के समन्वय से प्रश्नपत्रों को सीधे स्टेट हब तक एयरलिफ्ट किया जाएगा। इस नई व्यवस्था से प्रश्नपत्रों की अंतिम डिलीवरी महज 2 से 3 घंटे में पूरी हो सकेगी, जिससे सुरक्षा जोखिम काफी हद तक कम हो जाएगा।

34 जिलों में 331 परीक्षा केंद्र, 1.56 लाख छात्र होंगे शामिल

राज्य के 34 जिलों के 35 शहरों में कुल 331 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इस परीक्षा में 1,56,061 अभ्यर्थी शामिल होंगे, जिनमें 81,165 छात्र और 74,896 छात्राएं हैं।

सबसे अधिक 95 परीक्षा केंद्र पटना जिले में बनाए गए हैं, जहां 46,029 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। इसके अलावा दरभंगा, मुजफ्फरपुर, गया, सीवान, मोतिहारी, भागलपुर, पूर्णिया, वैशाली, गोपालगंज और समस्तीपुर समेत अन्य जिलों में भी व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर होगी तुरंत कार्रवाई

पुलिस महानिदेशक ने सभी जिलों को सोशल मीडिया की चौबीसों घंटे निगरानी का निर्देश दिया है। यदि कोई व्यक्ति प्रश्नपत्र लीक का झूठा दावा करता है, फर्जी पेपर वायरल करता है या अफवाह फैलाने की कोशिश करता है तो उसके खिलाफ तत्काल प्रिवेंटिव अरेस्ट की कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि किसी भी भ्रामक सूचना का तुरंत खंडन किया जाएगा ताकि अभ्यर्थियों में भ्रम की स्थिति न बने।

संदिग्ध कोचिंग संस्थानों पर रहेगी पैनी नजर

राज्यभर के कोचिंग संस्थानों का विशेष निरीक्षण कराया जाएगा। जिन संस्थानों का नाम पहले विवादों में आया है या जिन पर संदेह है, उन्हें खुफिया एजेंसियों के इनपुट के आधार पर विशेष निगरानी में रखा जाएगा।

हर परीक्षा केंद्र पर मजिस्ट्रेट और पुलिस टीम

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर एक ड्यूटी मजिस्ट्रेट और एक पुलिस टीम लीडर की तैनाती अनिवार्य की गई है। अभ्यर्थियों की संख्या के अनुसार 3 से 14 पुलिस या होमगार्ड जवान फ्रिस्किंग ड्यूटी में लगाए जाएंगे। महिला अभ्यर्थियों की जांच केवल महिला सुरक्षाकर्मी ही करेंगी।

छात्रों के लिए फ्री बस यात्रा की सुविधा

राज्य सरकार ने परीक्षा में शामिल होने वाले सभी अभ्यर्थियों को बड़ी राहत देते हुए बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (BSRTC) की बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा देने का फैसला किया है। इससे दूरदराज के जिलों से आने वाले छात्रों को काफी लाभ मिलेगा।

अभिभावकों के लिए छांव, सत्तू और पेयजल की व्यवस्था

भीषण गर्मी को देखते हुए जिला प्रशासन को परीक्षा केंद्रों के बाहर अभिभावकों के बैठने के लिए छायादार स्थल बनाने का निर्देश दिया गया है। साथ ही सभी केंद्रों पर शुद्ध पेयजल, सत्तू, ORS पैकेट और मेडिकल मोबाइल यूनिट की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।

योग दिवस और NEET परीक्षा के लिए अलग-अलग टीमें

21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस भी आयोजित होगा। ऐसे में मुख्य सचिव ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि योग दिवस और NEET परीक्षा के लिए अलग-अलग प्रशासनिक एवं पुलिस टीमें तैनात की जाएंगी। किसी भी स्थिति में परीक्षा व्यवस्था प्रभावित नहीं होने दी जाएगी।

रोज होगी तैयारियों की समीक्षा

राज्य सरकार ने सभी जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिया है कि वे प्रतिदिन परीक्षा तैयारियों की समीक्षा करें और किसी भी कमी को तुरंत दूर करें। सरकार का लक्ष्य है कि NEET (UG) 2026 पुनर्परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here