बीरेंद्र कुमार झा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2024 के आम चुनाव की तैयारी के तहत सोमवार को एनडीए सांसदों के साथ बैठक की।इस दौरान उन्होंने सांसदों से स्थानीय मुद्दों पर ध्यान केंद्रित करने,लोगों से जुड़े रहने और असंतुष्ट नेताओं को पार्टी में लाने के लिए कहा। सूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री ने सांसदों से कहा है कि 2024 की लड़ाई में सिर्फ राम के भरोसे ना रहें बल्कि लोगों की का भरोसा जीतें।सूत्रों ने बताया कि उत्तर प्रदेश के सांसदों के साथ बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सांसदों को स्थानीय स्तर पर जाने और लोगों के साथ अधिक समय बिताने की सलाह दी है।
राम मंदिर और अनुच्छेद 370 के साथ विकास कार्यों का करें उल्लेख
राम मंदिर के निर्माण और अनुच्छेद 370 को निरस्त करने के अलावा प्रधानमंत्री ने सांसदों से मतदाताओं को कई विकास कार्यों के बारे में जागरूक रखने के लिए कहा। एनडीए सांसदों की मीटिंग में नवगठित विपक्षी गठबंधन ‘ इंडिया’ पर हमला बोलते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि संगठन बदलने से उसका चरित्र नहीं बदलेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सांसदों से यह भी कहा कि बीजेपी ने एनडीए लिए हमेशा बलिदान दिया है। बिहार का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि अधिक विधायक होने के बावजूद पार्टी ने जेडीयू नेता नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री बनाना पसंद किया, लेकिन इसके बावजूद वे विपक्षी खेमे में शामिल हो गए।
स्थानीय लोगो मिलें और रूठों को मनाएं
सूत्रों के अनुसार प्रधानमंत्री ने सांसदों से अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों स्थानीय मुद्दों पर बात करने, शादियों सहित उन तमाम कार्यक्रमों में जाने को कहा है, जिसमें ज्यादा लोग शामिल होते हैं।एक सूत्र ने उनके हवाले से कहा कि पीएम मोदी ने एनडीए सांसदों को 2024 की जीत का मंत्र दिया और कहा जो रूठे हैं, नाराज हैं उन्हें मनाए ।चुनाव के दौरान जनता के साथ ज्यादा से ज्यादा समय बिताएं। बैठक में वरुण गांधी भी मौजूद थे।इनके अतीत में दिए गए बयान पार्टी लाइन के अनुरूप नहीं थे। उनकी मौजूदगी को बीजेपी हलकों में उत्सुकता के साथ देखा गया।
पूरे देश के एनडीए सांसदों के साथ सिलसिलेवार ढंग से होगी ऐसी बैठकें
2024 की लड़ाई में एनडीए सांसदों के साथ प्रधानमंत्री की पहली बैठक में सोमवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तर प्रदेश के बुंदेलखंड क्षेत्र के सांसद पहुंचे थे। नई दिल्ली के महाराज सदन में हुई बैठक में बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी भी मौजूद थे।एनडीए सांसदों की पहली बैठक की मेजबानी केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान और बीएल वर्मा ने की।वहीं पश्चिम बंगाल उड़ीसा और झारखंड के सांसदों के साथ संसद परिसर में बैठक हुई जिसमें वरिष्ठ केंद्रीय मंत्री अमित शाह और राजनाथ सिंह ने भाग लिया।
10 अगस्त तक चलेगा यह सिलसिला
बीजेपी ने एनडीए के 430 सांसदों को 11 ग्रुप में बांटा है, जो 10 अगस्त तक बारी-बारी से पीएम मोदी से मुलाकात करेंगे। अगले दौर की बैठक बुधवार को होगी जिसमें तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, कर्नाटक, केरल, पुडुचेरी ,अंडमान और निकोबार दीप समूह और लक्ष द्वीप के 96 सांसद भाग लेंगे।
माना जा रहा है कि चुनाव से पहले कि यह बैठक गठबंधन के भीतर एकजुटता और तालमेल सुनिश्चित करने की बड़ी कवायद है। आज की बैठक में गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी और बीजेपी प्रमुख जेपी नड्डा सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने की उम्मीद है।

