बीरेंद्र कुमार झा
इस वर्ष के अंत तक में होने वाले पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में बीजेपी नेतृत्व का सबसे ज्यादा जोर मध्यप्रदेश पर है। यहां की रणनीति से पार्टी के शीर्ष नेता सीधे जुड़े हुए हैं। गृह मंत्री अमित शाह लगातार मध्य प्रदेश के दौरे पर आकर चुनावी अभियान को धार दे रहे हैं। पार्टी के केंद्रीय चुनाव प्रभारियों की टीम ने भी कमाल संभाल ली है। अब राज्य की एक-एक सीट का फीडबैक लेने के साथ रणनीति तैयार की जा रही है। इनकी कोशिश मध्य प्रदेश के सभी बड़े नेताओं को एक साथ लेकर आगे बढ़ने की है ।
लोकसभा चुनाव की दृष्टि से भी मध्यप्रदेश महत्वपूर्ण है। यहां पर लोकसभा की 29 सीटें हैं, जिनमें से बीजेपी के पास 28 सीटें हैं। राजस्थान में बीजेपी को कांग्रेस से सत्ता विरोधी माहौल का अलग लाभ मिल सकता है, छत्तीसगढ़ में भी उसे इसी माहौल की उम्मीद है।तेलंगाना में इसे नई ताकत बनना है ,जबकि मिजोरम में इसकी सहयोगी दल आगे रहेगी।
मध्य प्रदेश में सत्ता में होने की वजह से यहां के हार जीत का पड़ेगा व्यापक प्रभाव
जिन 5 राज्यों में इस वर्ष के अंत तक में चुनाव होना है,उसमे एमपी अकेला राज्य है जहां बीजेपी सत्ता में है।
ऐसे में बीजेपी अपनी सत्ता वाले एकमात्र राज्य मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव जीतने के लिए पूरी ताकत लगा रही है जिससे इसकी लोकसभा चुनाव की रणनीति भी प्रभावी बनी रहे। सूत्रों के अनुसार पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा व गृह मंत्री अमित शाह लगातार प्रदेश के नेताओं के संपर्क में हैं। चूंकि भावो रणनीति चुनाव प्रभारियों की टीम तय कर रही है,इसलिए बड़े नेताओं के कार्यक्रम भी उसी हिसाब से तैयार किए जा रहे हैं।
भोपाल के बाद इंदौर जाएंगे अमित शाह
बीते दिनों अमित शाह ने भोपाल में प्रदेश कोर ग्रुप के प्रमुख नेताओं से लंबी मंत्रणा की थी। अब 30 जुलाई को वे फिर से राज्य के दौरे पर रहेंगे और इंदौर में बूथ कार्यकर्ताओं के सम्मेलन को संबोधित करेंगे। इस बीच पार्टी की केंद्रीय टीम में हर विधानसभा क्षेत्र का फीडबैक लेने के साथ मीडिया प्रचार प्रबंधन पर काम भी शुरू कर दिया गया है। किस क्षेत्र में किस मुद्दे पर जोर देना है,क्षेत्र की क्या समस्या है ?कैसे हल किया जाना है? इसका ब्यौरा तैयार किया जा रहा है। क्षेत्र में अब तक कितना काम किया गया है उसे भी जनता तक पहुंचाया जाएगा।
पूरे प्रदेश को यात्राओं से पाटने की है तैयारी
पार्टी इस बीच बीजेपी पूरे राज्य को मथने के लिए पार्टी विजय संकल्प यात्रा की तैयारी भी कर रही है।इस तरह की पांच यात्रा सागर, जबलपुर, चित्रकूट, उज्जैन व ग्वालियर से निकाली जाएगी। इससे प्रदेशों के सारे क्षेत्रों को कवर किया जाएगा।चित्रकूट की यात्रा को विंध्य प्रदेश पर केंद्रित किया जाएगा, तो सागर की यात्रा में बुंदेलखंड महत्वपूर्ण रहेगा ।जबलपुर में महाकौशल व उज्जैन की यात्रा से मालवा को साधा जाएगा। ग्वालियर की यात्रा से चंबल- ग्वालियर क्षेत्र को कवर किया जाएगा।

