नई दिल्ली: दिल्ली एनसीआर में आम लोगों पर फिर से महंगाई की मार पड़ी है। दरअसल दिल्ली एनसीआर में प्रमुख दुग्ध वितरक कंपनी मदर डेयरी ने दूध के दामों में दो रुपए का इजाफा किया है। इसके बाद दिल्ली में एक लीटर दूध का दाम बढ़कर 66 रुपये प्रति लीटर हो गया है। गाय के दूध और टोकन वाले दूध के दामों में फिलहाल कोई बढोत्तरी नहीं की गयी है।
फुल क्रीम दूध हुआ दो रुपए महंगा
मदर डेयरी ने फुल क्रीम दूध के दाम 2 रुपये बढ़ाकर 66 रुपये प्रति लीटर कर दिया है। जबकि टोंड दूध की कीमत 51 रुपये प्रति लीटर से बढ़ाकर 53 रुपये कर दी है डबल टोंड दूध की कीमत 45 रुपये बढ़ाकर 47 रुपये कर दी गई है।
एक साल में 9 रुपए महंगा हुआ फुल क्रीम दूध
गौरतलब है कि 2022 में मार्च और अगस्त में दूध के सभी प्रकारों पर दो-दो रुपये बढ़ाए थे। उसके बाद अक्टूबर में दिल्ली-एनसीआर के साथ आसपास के कुछ बाजारों में फुल क्रीम दूध और गाय के दामों में दो रुपये प्रति लीटर का इजाफा किया गया था।
मदर डेयरी ने पिछले महीने बढ़ाया था दूध का दाम
नवंबर में कंपनी ने फुल क्रीम के दाम में एक रुपये प्रति लीटर और टोकन दूध के दाम में दो रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की थी। दिसंबर में कंपनी ने फिर फुल क्रीम दूध के दाम को दो रुपये प्रति लीटर तक बढ़ा दिया है। इस तरह मदर डेयरी ने फुल क्रीम दूध की कीमत में नौ रुपये का इजाफा किया है।

