Weather Update Today: देश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी का दौर जारी है, लेकिन मौसम अब तेजी से करवट लेता दिखाई दे रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून लगातार आगे बढ़ रहा है, जबकि एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत के मौसम को प्रभावित करने वाला है। इसके चलते देश के कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक तेज आंधी, बारिश और कहीं-कहीं ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने 17 राज्यों में गरज-चमक, तेज हवाओं और वर्षा को लेकर अलर्ट जारी किया है। कुछ इलाकों में हवाओं की रफ्तार 60 से 90 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।
मानसून ने पकड़ी रफ्तार
मौसम विभाग के ताजा अनुमान के अनुसार मानसून ने सिक्किम और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल के अधिकांश क्षेत्रों में अपनी पकड़ मजबूत कर ली है। आने वाले चार से पांच दिनों के दौरान इसके महाराष्ट्र, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, ओडिशा, झारखंड, बिहार और छत्तीसगढ़ के अतिरिक्त हिस्सों में आगे बढ़ने की संभावना है। मानसून की सक्रियता बढ़ने के साथ इन क्षेत्रों में बारिश का दायरा भी बढ़ सकता है।
इन राज्यों में भारी बारिश की संभावना
अगले एक सप्ताह के दौरान केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, पूर्वोत्तर भारत और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल में कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने के आसार हैं। विशेष रूप से अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में लगातार वर्षा का दौर जारी रह सकता है।
दिल्ली में मौसम का मिजाज
राष्ट्रीय राजधानी में गर्मी और उमस के बीच मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। दिन में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है, लेकिन आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। 11 और 12 जून के दौरान पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है।
उत्तर प्रदेश में आंधी और बारिश की चेतावनी
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है। पश्चिमी और पूर्वी यूपी में 11 जून से मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। कई इलाकों में बारिश के साथ 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि की संभावना भी जताई गई है। हालांकि बुंदेलखंड और दक्षिणी जिलों में फिलहाल लू का असर बना रह सकता है।
बिहार में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट
बिहार के उत्तर और पूर्वी हिस्सों में मौसम विभाग ने वर्षा की संभावना जताई है। पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, मुजफ्फरपुर, वैशाली, दरभंगा, समस्तीपुर, मधुबनी, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार और आसपास के जिलों में बारिश हो सकती है।
11 और 12 जून को कई जिलों में तेज आंधी और भारी बारिश की आशंका है। इस दौरान 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि अगले कुछ दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून बिहार में प्रवेश कर सकता है।
राजस्थान में गर्मी के बाद बदलेगा मौसम
राजस्थान में फिलहाल कई इलाकों में लू का असर बना रहेगा, लेकिन 11 जून के बाद मौसम में बदलाव की संभावना है। जयपुर, जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, कोटा और उदयपुर समेत कई जिलों में बारिश और धूलभरी आंधी का दौर शुरू हो सकता है।
हिमाचल और उत्तराखंड में बारिश के आसार
पर्वतीय राज्यों हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 11 जून से मौसम सक्रिय हो सकता है। कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि की संभावना है। मौसम विभाग ने तेज हवाओं को लेकर भी चेतावनी जारी की है।
पंजाब में भी बदलेगा मौसम
पंजाब के कई हिस्सों में 11 से 15 जून के बीच बारिश, बिजली चमकने और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है। कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है, जिससे किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

