न्यूज़ डेस्क
उग्रवादी संगठन उल्फा इंडिपेंडेंट एक बार फिर से असम और अरुणाचल प्रदेश के सीमाई इलाके में विस्तार की योजना बना रहा है। ख़ुफ़िया सूत्रों के मिली जानकारी के मुताबिक़ ऊपरी असम में हिंसा भड़काने और पुलिसकर्मियों को परेशान करने की योजना बना रहा है।खुफिया सूत्रों ने कहा कि उल्फा-आई उग्रवादियों के एक समूह ने तिनसुकिया जिले में प्रवेश करने और ऊपरी असम के विभिन्न इलाकों में विस्तार की रणनीति बनाई है। उग्रवादी असम अरुणाचल सीमा पर एक बड़ी हत्या के प्रयास की योजना बना रहे हैं।
कहा जा रहा है कि अगर यह संगठन फिर से सक्रिय हो गया है तो असम और पूर्वोत्तर भारत में फिर से हिंसा की सम्भावना बढ़ सकती है। यह संगठन काफी खतरनाक है। एक समय ऐसा था जब संगठन ने असम की राजनीति को भी काफी परेशान कर रखा था।
सुरक्षा बलों के एक अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर कहा कि उन्हें रोका जाना चाहिए, अन्यथा राज्य में एक नया नरसंहार देखने को मिल सकता है। इस बीच, उग्रवादियों की कोशिश को नाकाम करने के लिए स्थानीय पुलिस असम-अरुणाचल सीमा के कुछ संवेदनशील इलाकों के साथ-साथ घने जंगल में अभियान चला रही है।
बता दें कि असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के मुख्यमंत्री बनने के बाद उल्फा-आई के साथ बातचीत के लिए माहौल बनाने का प्रयास किया गया और उल्फा आई संगठन के मुख्य कमांडर परेश बरुआ को बातचीत का निमंत्रण देते हुए मुख्यमंत्री ने एकतरफा युद्धविराम की घोषणा की थी। लेकिन सीएम सरमा का यह दांव लगता है उल्टा पड़ गया है।
चूंकि प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन म्यांमार कैंप में वित्तीय संकट का सामना कर रहा है, इसलिए वे एक बार फिर हिंसा का रास्ता अपनाने की योजना बना रहे हैं। खुफिया सूत्रों ने कहा कि उल्फा-आई उग्रवादियों के एक समूह ने तिनसुकिया जिले में प्रवेश करने और ऊपरी असम के विभिन्न इलाकों में विस्तार की रणनीति बनाई है। उग्रवादी असम अरुणाचल सीमा पर एक बड़ी हत्या के प्रयास की योजना बना रहे हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, उग्रवादियों का एक समूह असम-अरुणाचल सीमा पर एक शिविर स्थापित करने और तिनसुकिया में छिपने की योजना बना रहा है, जो प्रतिबंधित संगठन का केंद्र था।
पुलिस जानती है कि एक बार उग्रवादी तिनसुकिया जिले में प्रवेश कर गए, तो “तोड़फोड़ को रोकना मुश्किल” होगा। पुलिस के पास विशेष जानकारी है कि उग्रवादी पैसे वसूलने के लिए सबसे पहले तिनसुकिया जिले के विभिन्न चाय बागानों के प्रबंधकों को निशाना बनाने की कोशिश करेंगे।

