पटना: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 137वें संस्करण के लाइव प्रसारण में शामिल हुए। पटना स्थित लोक सेवक आवास के ‘नेक संवाद’ सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के संदेशों को बिहार के युवाओं, महिलाओं और विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री का संबोधन युवाओं में नई ऊर्जा और सकारात्मक सोच पैदा करने वाला है। खासतौर पर ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान को आगे बढ़ाने की अपील को उन्होंने युवाओं को नशे से बचाने और समाज में जागरूकता बढ़ाने की दिशा में अहम पहल बताया।

नशे के खिलाफ बिहार में तेज होंगे जागरूकता प्रयास
सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार में भी युवाओं को नशे की आदत से दूर रखने के लिए जागरूकता अभियान को और मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ और जागरूक युवा ही राज्य और देश के विकास में प्रभावी भूमिका निभा सकते हैं।
मुख्यमंत्री के मुताबिक, ‘मन की बात’ के जरिए प्रधानमंत्री ने समाज के अलग-अलग वर्गों से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर देश का ध्यान आकर्षित किया। इनमें महिलाओं का आर्थिक सशक्तिकरण, युवाओं की रचनात्मक भागीदारी, इतिहास को आसान और रोचक तरीके से समझना तथा छात्राओं को स्पेस टेक्नोलॉजी से जोड़ना प्रमुख विषय रहे।

महिला शक्ति और युवा शक्ति को बताया विकास की कुंजी
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए युवाओं की ऊर्जा, महिलाओं की भागीदारी और नवाचार को बढ़ावा देना बेहद जरूरी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश इसी दिशा में लगातार आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का संदेश केवल देश के स्तर पर ही नहीं, बल्कि बिहार के लिए भी प्रेरणा देने वाला है। युवा शक्ति और महिला शक्ति को विकास की मुख्यधारा से जोड़कर बिहार को भी नई ऊंचाइयों तक ले जाने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।
‘मन की बात’ से समाज के अलग-अलग वर्गों को मिलती है प्रेरणा

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मन की बात’ के माध्यम से प्रधानमंत्री देश के सामान्य नागरिकों, युवाओं, महिलाओं और विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दों को सामने रखते हैं। इससे समाज में सकारात्मक पहल को बढ़ावा मिलता है और लोगों को अपने स्तर पर बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिलती है।
उन्होंने प्रधानमंत्री के संदेश को विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करने वाला बताते हुए कहा कि देश की प्रगति में युवा, महिलाएं और नई सोच रखने वाले लोगों की भूमिका निर्णायक रहेगी।

