महिला आरक्षण को लेकर महिला कांग्रेस का देशव्यापी अभियान शुरू 

0
78

न्यूज़ डेस्क 
कांग्रेस अब चारो तरफ से मोदी सरकार को घेरते जा रही है। संसद से लेकर सड़क तक बीजेपी को घेरने के लिए कांग्रेस ने कई कार्यक्रम को तैयार किया है ताकि देश की जनता के बीच उसकी पहुँच हो सके और जनता को न्याय भी मिल सके। 

अपने इसी अभियान को सफल करने के लिए महिला कांग्रेस ने सोमवार से ही महिला आरक्षण अधिनियम को लेकर आंदोलन शुरू कर दिया है। दिल्ली से शुरू हुआ यह अभियान देश भर में चलाने की तयारी है। 

अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की अध्यक्ष अलका लांबा ने एक बयान में कहा कि जंतर मंतर से शुरू किया गया अभियान हर राज्य, जिले, शहर और गांव तक पहुंचेगा। उन्होंने कहा कि यह तब तक जारी रहेगा, जब तक देश की ‘आधी आबादी’ की मांगें पूरी नहीं हो जातीं और उन्हें उनके अधिकार और सुरक्षा नहीं मिल जाती।

लांबा ने कहा कि केंद्र की नरेन्द्र मोदी सरकार ने 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले महिला आरक्षण कानून पारित कर दिया था लेकिन इसके कार्यान्वयन को लंबित रखा है।

उन्होंने कहा कि आरक्षण कानून तुरंत लागू किया जाना चाहिए ताकि हरियाणा, झारखंड, जम्मू-कश्मीर और महाराष्ट्र की महिलाएं इस कानून से लाभान्वित हो सकें।

महाराष्ट्र, हरियाणा और झारखंड में इस साल के आखिर में विधानसभा चुनाव होने हैं। जम्मू-कश्मीर में भी इसी साल चुनाव संभावित है।

लांबा ने कहा, ‘‘हमारी मांग 33 प्रतिशत महिला आरक्षण को लागू करने की है। हम सरकार से मांग करते हैं कि इसे आज करें, अभी करें और महिलाओं को उनके अधिकार सुनिश्चित करें।’’

कांग्रेस की महिला इकाई की प्रमुख ने कहा, ‘‘हमारी दूसरी मांग आर्थिक न्याय की है। आज महिलाएं बढ़ती महंगाई और बढ़ती बेरोजगारी से परेशान हैं। इसके कारण कई महिलाएं घरेलू हिंसा का शिकार हो रही हैं। ऐसे में, महिलाओं को आर्थिक न्याय मिलना चाहिए।’’

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here