Mahi River Flood: माही नदी का तटबंध टूटा, 18 मीटर तक पहुंचा कटाव; छपरा में प्रशासन अलर्ट, रात तक नियंत्रण की तैयारी

0
5

छपरा: सारण जिले में माही नदी के दायां तटबंध पर उत्पन्न टूटान ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। तटबंध के करीब 7.5 किलोमीटर बिंदु पर हुआ टूटान सुबह के 12 मीटर से बढ़कर 18 मीटर तक पहुंच गया है। स्थिति को देखते हुए जल संसाधन विभाग और जिला प्रशासन ने मरम्मत एवं सुदृढ़ीकरण का काम युद्धस्तर पर शुरू कर दिया है।

 टूटान वाले स्थान पर सुरक्षात्मक कार्यों के साथ-साथ तटबंध की मरम्मती का काम तेजी से कराया जा रहा है। प्रशासन की कोशिश है कि रात तक स्थिति को नियंत्रित कर लिया जाए। इसके लिए मौके पर पर्याप्त संसाधन और मानवबल लगाया गया है।

अधिकारी खुद संभाल रहे मोर्चा

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला पदाधिकारी और वरीय पुलिस अधीक्षक स्वयं मौके पर कैंप कर निगरानी कर रहे हैं। जल संसाधन विभाग के मुख्य अभियंता, कार्यपालक अभियंता और सहायक अभियंता समेत संबंधित अधिकारी लगातार तटबंध स्थल पर मौजूद हैं और मरम्मत कार्य की निगरानी कर रहे हैं।

प्रशासन की ओर से मौके पर चल रहे काम की लगातार समीक्षा की जा रही है, ताकि तटबंध को जल्द से जल्द सुरक्षित किया जा सके और पानी के संभावित फैलाव से प्रभावित इलाकों को बचाया जा सके।

बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए प्रशासन अलर्ट

जिला प्रशासन ने माही नदी और आसपास के इलाकों में बाढ़ की स्थिति पर लगातार निगरानी बनाए रखी है। प्रभावित लोगों को जरूरत के अनुसार राहत, चिकित्सा और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जा रही है।

सभी संबंधित विभागों और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। राहत एवं बचाव कार्यों की भी लगातार समीक्षा की जा रही है।

लोगों से सुरक्षित रहने की अपील

प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और परिस्थितियों को देखते हुए सुरक्षित स्थानों पर रहें। किसी भी आपात स्थिति में संबंधित पदाधिकारियों या नियंत्रण कक्ष से संपर्क करने को कहा गया है।

फिलहाल प्रशासन की प्राथमिकता तटबंध के टूटान को नियंत्रित करना और संभावित बाढ़ के प्रभाव को कम करना है। मौके पर मरम्मत और सुदृढ़ीकरण का काम लगातार जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here