एक ऐसी औरत, जिसने कई दहाइयों तक अपनी जिंदगी के अनगिनत पहलुओं को अखबारों, टीवी चैनलों और फिर सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनते देखा। उनके परिवार की कहानी में प्यार है, बिछड़ने का दर्द है, सत्ता के गलियारों की उथल-पुथल है और भारतीय राजनीति के कई ऐसे राज हैं, जिन पर आज भी बहस होती है।इनमें बहुत से दावे बस यूं ही सियासी रोटियां सेकने के लिए भी किए गए होंगे, तो बहुत से सुर्खियां व्यूज हासिल करने के लिए तैयार की गई होंगी।इसमें कोई शक नहीं, लेकिन अब इन तमाम मुद्दों पर खुद सोनिया गांधी की किताब आ गई है। अब उसी सोनिया गांधी ने अपनी खामोशी तोड़ते हुए जिंदगी के उन पन्नों को दुनिया के सामने रखा है, जिन्हें अब तक उन्होंने अपने तक सीमित रखा था।
उनकी किताब का नाम ‘A Journey of Love’ सिर्फ सोनिया गांधी की प्रेम कहानी नहीं, बल्कि एक ऐसा सफर है जो कैंब्रिज की मोहब्बत से शुरू होकर 10 जनपथ, प्रधानमंत्री पद के फैसले और कांग्रेस की सत्ता की राजनीति तक पहुंचती है। इस किताब में जहां राजीव गांधी के साथ उनके रिश्ते और इंदिरा गांधी के साथ सास-बहू के संबंधों की झलक मिलती है, वहीं प्रणब मुखर्जी की प्रधानमंत्री बनने की महत्वाकांक्षा जैसे राजनीतिक प्रसंग भी चर्चा के केंद्र में हैं। आखिर सोनिया गांधी ने अपनी किताब में कौन-कौन से ऐसे खुलासे किए हैं, जो गांधी परिवार से लेकर कांग्रेस के सियासी इतिहास तक को नए नजरिए से देखने पर मजबूर करते हैं?
10 नवंबर 2026 को जारी होने वाली ‘A Journey of Love’ उनके व्यक्तिगत जीवन की भावुकता और भारतीय राजनीति के बड़े रहस्यों का एक अनूठा संगम है। इस किताब में उन्होंने हमेशा मीडिया से दूरी बनाए रखने वाले अपने स्वभाव को छोड़कर अपने जीवन के कई अनछुए पहलुओं को साझा किया है।सोनिया गांधी की इस किताब की मुख्य-मुख्य बातें कुछ इस प्रकार हैं:
किताब की शुरुआत 1965 में इंग्लैंड के कैंब्रिज से होती है, जहां 19 वर्षीय इतालवी छात्रा सोनिया माइनो की मुलाकात भारत के तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के पोते राजीव गांधी से होती है और दोनों में पहली नजर का प्यार हो जाता है।
1968 में शादी कर भारत आने के बाद शुरुआत में उन्हें हिंदी भाषा, साड़ी पहनने और भारतीय तीखे खान-पान को अपनाने में आए उतार-चढ़ाव और संघर्षों को बेहद ईमानदारी से साझा किया है।
उन्होंने भारत की पहली महिला प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को एक ‘कड़क नेता’ के बजाय एक बेहद संवेदनशील और स्नेही सास के रूप में चित्रित किया है, जिन्होंने सोनिया को भारत की संस्कृति में ढलने में मदद की। इसके अलावा उन्होंने मेनका गांधी को लेकर चर्चा में रहने वाले विवादों पर भी खुलकर लिखा है।
किताब में संजय गांधी की विमान दुर्घटना में मौत और फिर 1984 में इंदिरा गांधी की उन्हीं के सुरक्षाकर्मियों के जरिए हत्या की दर्दनाक दास्तां है।
सोनिया ने बताया है कि इंदिरा जी की मौत के बाद वे राजीव के प्रधानमंत्री बनने के फैसले से कितनी डरी हुई थीं, लेकिन कर्तव्य के आगे उन्हें झुकना पड़ा।
किताब में 1984 के ऑपरेशन ब्लू स्टार और उसके बाद हुई घटनाओं का भी जिक्र किया है।उन्होंने बताया कि स्वर्ण मंदिर परिसर में सैन्य कार्रवाई की तबाही देखकर इंदिरा गांधी की आंखों में आंसू आ गए थे।सोनिया के मुताबिक, इंदिरा गांधी ने बेहद शांत रहते हुए अपने परिवार को संभावित मौत के लिए भी तैयार किया था।
1991 में एक चुनावी रैली के दौरान सुसाइड बॉम्बर के जरिए राजीव गांधी की हत्या के बाद सोनिया के जीवन में जो अकेलापन आया, उसका भावुक विवरण दिया गया है।
इतालवी परिवार की तरफ से वापस लौटने की सलाह के बावजूद उन्होंने भारत में ही रहने का फैसला किया। इसके बाद पार्टी को बिखरने से बचाने के लिए वे सक्रिय राजनीति में आईं और कांग्रेस की सबसे लंबे समय तक रहने वाली अध्यक्ष बनीं।
किताब में सोनिया गांधी ने 2004 के उस ऐतिहासिक फैसले पर भी खुलकर बात की है, जब कांग्रेस की जीत के बाद उनके प्रधानमंत्री बनने की प्रबल संभावना थी, लेकिन उन्होंने इस पद को स्वीकार करने से इनकार कर दिया।उन्होंने बताया कि यह फैसला किसी राजनीतिक दबाव या मजबूरी में नहीं, बल्कि उनकी अंतरात्मा की आवाज पर लिया गया था। इसके बाद उन्होंने डॉ. मनमोहन सिंह को प्रधानमंत्री पद के लिए आगे किया।
किताब का सबसे चर्चित हिस्सा वह है जहां उन्होंने खुलासा किया कि 2010 के आसपास दिग्गज नेता प्रणब मुखर्जी ने उनके सामने प्रधानमंत्री बनने की अपनी इच्छा जाहिर की थी, जिसे सुनकर वे हैरान रह गई थीं। इसी बात को लेकर हाल ही में प्रणब मुखर्जी की बेटी शर्मिष्ठा मुखर्जी ने भी पलटवार किया है।

