लालकृष्ण आडवाणी का 100वां जन्मदिन , बीजेपी मुख्यालय में हुआ विशेष हवन और पूजा-अर्चना

0
6

बीजेपी के वरिष्ठ नेता और देश के पूर्व उपप्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी के 100वें जन्मदिन के मौके पर रविवार को पार्टी मुख्यालय में विशेष पूजा और हवन का आयोजन किया गया। इस दौरान बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने हवन में हिस्सा लिया। सभी ने एलके आडवाणी के अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना की।

बीजेपी के केंद्रीय कार्यालय में आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम के जरिए पार्टी नेताओं ने अपने वरिष्ठ नेता के प्रति सम्मान व्यक्त किया। इससे पहले बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर आडवाणी को जन्मदिन की बधाई दी। बीजेपी नेता नितिन नवीन ने अपने संदेश में लिखा, ”भारत रत्न से सम्मानित, देश के पूर्व उपप्रधानमंत्री और हम सभी के मार्गदर्शक लालकृष्ण आडवाणी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं।”

उन्होंने एलके आडवाणी के राजनीतिक योगदान को याद करते हुए कहा कि जनसंघ से लेकर भारतीय जनता पार्टी तक संगठन को विस्तार देने और राष्ट्रवादी विचारधारा को देश के हर नागरिक तक पहुंचाने में उनका योगदान अविस्मरणीय है। राम जन्मभूमि आंदोलन को जन आंदोलन बनाने में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। सार्वजनिक जीवन में उनकी ईमानदारी और संगठन के प्रति अटूट समर्पण हमेशा भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा का स्रोत रहेगा ।

बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने एक वीडियो संदेश में भी एलके आडवाणी को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आडवाणी जी का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणा है। विचारधारा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता ने बीजेपी को एक अलग पहचान वाली पार्टी बनाया है। नितिन नवीन ने कहा कि एलके आडवाणी ने अपने कार्यकाल में पार्टी के भीतर नेतृत्व की एक मजबूत टीम तैयार की। आज वही नेतृत्व न केवल पार्टी का संचालन कर रहा है, बल्कि देश का नेतृत्व भी कर रहा है।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी लालकृष्ण आडवाणी को जन्मदिन की बधाई दी। उन्होंने ‘एक्स’ पर अपने संदेश में आडवाणी को राष्ट्रसेवा का प्रतीक, बीजेपी का शिल्पकार और सिद्धांतों पर चलने वाला राजनेता बताया।

गृह मंत्री अमित शाह ने लिखा कि आडवाणी 99 वर्ष पूरे कर अपने जीवन के 100वें वर्ष में प्रवेश कर रहे हैं। करोड़ों बीजेपी कार्यकर्ताओं की ओर से उन्हें जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। उन्होंने कहा कि साधारण परिवार से निकलकर बीजेपी के संस्थापक सदस्य, राष्ट्रीय अध्यक्ष और देश के उपप्रधानमंत्री तक का उनका सफर सार्वजनिक जीवन में सेवा और राष्ट्र को सर्वोपरि रखने का जीवंत उदाहरण है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here