न्यूज डेस्क
कर्नाटक में विधानसभा चुनाव 10 मई को होंगे। नतीजे 13 मई को आएंगे। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने बुधवार को कहा कि वोटिंग एक चरण में कराई जाएगी। कर्नाटक में 5.21 करोड़ मतदाता हैं, जो 224 विधानसभा सीटों पर मतदान करेंगे। राजीव कुमार ने कहा कि जो लोग 1 अप्रैल को 18 साल के होंगे, वो भी वोट डाल सकेंगे। इसके लिए हमने एडवांस एप्लीकेशन मंगवा ली हैं।
#WATCH | The day of polling for Karnataka Assembly elections will be 10th May, in the single phase and the results will be declared on 13th May. pic.twitter.com/v5lzt3HaBe
— ANI (@ANI) March 29, 2023
राज्य में मौजूदा भाजपा सरकार का कार्यकाल 24 मई को खत्म हो रहा है। इस बार मुकाबला भाजपा, कांग्रेस और JDS के बीच रहेगा। पिछली बार JDS-कांग्रेस साथ थी, लेकिन इस बार जेडीएस अलग चुनाव लड़ेगी।
मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बताया कि राज्य में कुल 5,21,73,579 वोटर हैं। कर्नाटक में 9.17 लाख नए वोटर जुड़े हैं, वहीं 100 से ज्यादा उम्र के 16 हजार से ज्यादा मतदाता है। 80 साल से ज्यादा उम्र के वोटर घर से वोट कर सकेंगे।
#WATCH हमने कर्नाटक विधानसभा के मतदान का दिन बुधवार रखा है… इससे हो सकता है कि लोग बाहर तो नहीं जा सकेंगे क्योंकि दो दिन की छट्टी मिलने में थोड़ी मुश्किल होगी। लोग (मतदान करने) आ जाएंगे: भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार, दिल्ली pic.twitter.com/s8Zc9s9BWx
— ANI_HindiNews (@AHindinews) March 29, 2023
चुनाव आयोग ने कहा कि 1 अप्रैल को जिनकी उम्र 18 साल हो रही है, वे भी वोट कर सकेंगे। चुनाव आयोग ने बताया कि 224 ऐसे बूथ बनाए गए हैं, जिनमें यूथ कर्मचारी तैनात रहेंगे। 100 बूथों पर दिव्यांग कर्मचारी तैनात रहेंगे।
मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने कहा कि कर्नाटक में 58,282 मतदान केंद्र हैं जिसमें से 20,866 शहरी केंद्र हैं। इनमें से 50% मतदान केंद्र यानी 29,140 पर वेबकास्टिंग की जाएगी। करीब 1,320 मतदान केंद्रों पर केवल महिला कर्मचारी मौजूद रहेंगी।
इससे हम महिला सशक्तिकरण को भी बढ़ावा दे रहे हैं। हम 240 मतदान केंद्रों को मॉडल पॉलिंग स्टेशन बनाएंगे। युवाओं को मतदान केंद्रों पर लाने के लिए 224 मतदान केंद्र सिर्फ युवाओं द्वारा संचालित किया जाएगा।
आपको बता दें, कर्नाटक में 24 मई को विधानसभा का कार्यकाल खत्म हो रहा है। यहां पिछली बार मई 2018 में विधानसभा चुनाव हुए थे। कर्नाटक में 224 विधानसभा सीटें हैं। पिछले विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने 104 सीटों पर जीत हासिल की थी। वहीं, कांग्रेस ने 80 और JDS ने 37 सीटें जीती थीं।
चुनाव आयोग ने 4 राज्यों की 5 विधानसभा सीट पर उप-चुनाव का ऐलान भी किया है। राहुल गांधी की संसद सदस्यता रद्द होने के बाद खाली हुई वायनाड सीट पर चुनाव की घोषणा नहीं की। इस पर सवाल पूछा गया तो राजीव कुमार ने कहा- खाली सीट पर चुनाव कराने के लिए 6 महीने का वक्त होता है। ट्रायल कोर्ट ने राहुल गांधी को 30 दिन का वक्त दिया है ताकि वो ऊंची अदालत में अपील दायर कर सकें। इसलिए अभी हम इंतजार करेंगे।
इसके अलावा पंजाब और यूपी समेत 4 राज्यों की 5 विधानसभा सीटों पर भी 10 मई को उपचुनाव होंगे। नतीजे 13 मई को आएंगे। पंजाब की जालंधर, ओडिशा की झारसुगुड़ा, उत्तर प्रदेश की छानबे और स्वार, मेघालय की सोहियोंग सीट पर उप-चुनाव होंगे।
उधर, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व सीएम सिद्धारमैया ने कहा, ‘2023 का चुनाव मेरा आखिरी चुनाव होगा। इसके बाद मैं चुनावी प्रक्रिया से दूर रहूंगा।’ उन्होंने कहा कि वह वरुणा सीट के अलावा, कोलार सीट से भी चुनाव लड़ेंगे।

